चूरू ब्यूरो रिपोर्ट। 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने कमल के फूल को ही मुख्यमंत्री बना दिया। ये मुख्यमंत्री हमारा है। प्रधानमंत्री कह रहे हैं बस कमल के फूल को देखो आप, नाम मत पूछो। अब आप बताओ कमल का फूल कैसे मुख्यमंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहली लिस्ट आ चुकी है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को भी पहली लिस्ट में जगह नहीं मिली है।

गहलोत आज चूरू के सरदारशहर में पूर्व विधायक पं. भंवरलाल शर्मा की प्रथम पुण्यतिथि पर दिल्ली रोड स्थित स्मृति स्थल पर उनकी प्रतिमा के अनावरण समारोह में बोल रहे थे। राजस्थान में आचार संहिता लगने के बाद मुख्यमंत्री गहलोत की यह पहली राजनीतिक सभा थी 

झूठी वाहवाही लूटने के लिए किसानों को बदनाम कर रहे
गहलोत ने कहा- भाजपा ने जैसलमेर के किसान माधुराम की जमीन नीलाम होने की फोटो पोस्टरों में लगा दी। उस किसान ने जैसलमेर में इलाके के पुलिस थाने में भाजपा के खिलाफ केस किया है। आपकी झूठी वाहवाही लूटने के लिए भाजपा के लोग किसानों को बदनाम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा- यहां की जनता का प्रेम देखते हुए लगता है कि चूरू जिले की छह सीटें कांग्रेस जीत रही है।

सभा में मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनहित के काम कर रही है। जबकि भाजपा देश और प्रदेश से मुक्त हो रही है। आयोजन के दौरान सादुलपुर विधायक कृष्णा पूनिया, तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया, तारानगर प्रधान संजय कस्वा, सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, नोहर विधायक अमित चाचाण, डूंगरराम गेदर, चूरू के पूर्व विधायक मकबूल मंडेलिया, पूसाराम गोदारा, जिला अध्यक्ष इंदरचंद खीचड, नगर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजीव, पूर्व विधायक मगलाराम गोदारा, पूर्व प्रधान भीखम सिंह राठौड़ समेत कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान मंच का संचालन नगर परिषद के उप सभापति अब्दुल रसीद चायल ने किया।

सुबह 11:30 बजे पहुंचने का था कार्यक्रम
सरदारशहर में सभा में सीएम दोपहर 11:30 बजे आने थे, लेकिन वे सभा में दोपहर 3:19 बजे पहुंचे। उसके बाद उन्होंने 3:30 बजे सभा को संबोधित करते हुए 19 मिनट तक भाषण दिया।