जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से ठीक पहले सरकार ने ताबड़तोड़ फैसले किए हैं। सीएम अशोक गहलोत ने आचार संहिता लगने से दो घंटे पहले 23 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की मंजूरी दी है। नए बनाए गए बोर्डों में अध्यक्ष और मेंबरों की नियुक्तियां की गई हैं। कई बोर्ड अध्यक्षों ने आदेश निकलने के तत्काल बाद जॉइन भी कर लिया। कुछ के आदेश तो आचार संहिता लगने से कुछ देर पहले निकले हैं। हाल ही की गई लोक-लुभावन घोषणाओं के आदेश भी आज ही जारी किए हैं।

महिलाओं को रोडवेज के मंथली पास में 90 फीसदी छूट के आदेश
महिलाओं और बालिकाओं को रोडवेज बसों में मंथली पास बनवाने में 90 फीसदी छूट देने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने आज मंजूरी दी है। इसके बाद रोडवेज आदेश जारी कर रहा है। अब महिलाओं को मंथली पास के लिए तय राशि का केवल 10 फीसदी ही भुगतान करना होगा।

RPSC में तीन और कर्मचारी चयन आयोग में दो मेंबर नियुक्त
आचार संहिता लगने से ठीक पहले सरकार ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) और कर्मचारी चयन आयोग में मेंबर की नियुक्तियां की है। सरकार ने प्रो. अयूब खान, कैलाश चंद मीना और कर्नल केसरी सिंह को आरपीएससी मेंबर नियुक्त किया है। डॉ. सज्जन पोसवाल और डॉ. रिपूंजया सिंह को कर्मचारी चयन आयोग में मेंबर बनाया है। कार्मिक विभाग ने इन नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं।

रिछपाल मिर्धा वीर तेजाजी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष
वीर तेजाजी कल्याण बोर्ड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सात मेंबर की नियुक्ति की गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और डेगाना विधायक विजयपाल मिर्धा के पिता ​रिछपाल सिंह मिर्धा को वीर तेजाजी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष और सीकर के दिनेश कस्वां को उपाध्यक्ष बनाया है। बोर्ड में नागौर के रिद्धकरण लोमरोड़, जोधपुर के राजूराम चौधरी, सुरुसरा के रतनलाल घासल, फलोदी के मोहन गोदारा, सीकर के विजेंद्र पूनिया, राजकुमार और कालूराम जाट को मेंबर बनाया गया है। वीर तेजाजी बोर्ड 2 मार्च को बनाया गया था।

देवेंद्र सिंह बुटाटी ईडब्ल्यूएस बोर्ड के अध्यक्ष
राज्य सरकार ने कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह बुटाटी को आर्थिक पिछड़ा वर्ग (ईडब्ल्यूएस) बोर्ड का अध्यक्ष बनाया है। बुटाटी को आचार संहिता लगने से कुछ घंटे पहले अध्यक्ष बनाया। बुटाटी ने आदेश होते ही तत्काल जॉइन कर लिया।

राकेश गुप्ता अग्रसेन कल्याण बोर्ड अध्यक्ष
राज्य सरकार ने राकेश कुमार गुप्ता को राजस्थान राज्य अग्रसेन कल्याण बोर्ड में अध्यक्ष बनाया है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। 4 अक्टूबर को ही सरकार ने यह बोर्ड बनाया था।

पशुपालक कल्याण बोर्ड में गोदराम देवासी अध्यक्ष
पशुपालक कल्याण बोर्ड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और 6 मेंबर बनाए गए हैं। रानीवाड़ा के गोदराम देवासी को अध्यक्ष और जोधपुर के सुखदेव देवासी को उपाध्यक्ष बनाया है। नागौर के गुमानाराम राईका, जालौर के आसुराम देवासी, जयपुर के उम्मेद सिंह रैबारी, सिरोही के प्रमाराम देवासी, सोजत के भागीरथ देवासी और भंवर देवासी को मेंबर बनाया है।

मुकेश वर्मा स्थापत्य कला बोर्ड के अध्यक्ष
सरकार ने मुकेश वर्मा को स्थापत्य कला बोर्ड का अध्यक्ष बनाया है। मुकेश वर्मा सीएम अशोक गहलोत के नजदीकी माने जाते हैं।

7 बड़ी पेयजल परियोजनाओं के लिए 21,613 करोड़ की मंजूरी
सीएम ने आचार संहिता लगने से दो घंटे पहले 7 बड़े पेयजल प्रोजेक्ट के 21 हजार 613 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है।