कोटा ब्यूरो रिपोर्ट। 

आजाद समाज पार्टी भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर आजाद ने कोटा में नयापुरा स्टेडियम में जन सभा को संबोघित किया। जन सभा के बाद मीडिया से बातचीत में आजाद ने ईआरसीपी के मुद्दे पर केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस और भाजपा दोनों इस मुद्दे पर खेल रही हैं। इस कारण 13 जिलों के किसानों को नुकसान हो रहा है। इस पर बहुत पहले काम हो जाना चाहिए था।

सरकार द्वारा फ्री में मोबाइल बांटने पर उन्होंने कहा, आज वोट को नोट से खरीदने का नया रूप आया है। पहले चुनाव से एक दो दिन पहले रात के अंधेरे में थैला लेकर लोग जाते थे और वोट को खरीदने का काम करते थे। अब ये सिस्टेमेटिक हो गया। सिस्टम का पार्ट हो गया। चुनाव के पहले कुछ दो और उसके जरिए वोट खरीदने का काम करो। लोग बेवकूफ नहीं रहे।

सरकार अगर कुछ दे रही है तो क्या सरकार अपनी जेब से दे रही है? क्या मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री अपनी जमीन बेचकर दे रहे हैं? व्यापार से निकाल कर दे रहे हैं? क्या वह नौकरी करके दे रहे हैं? यह सारा पैसा जनता के टैक्स का पैसा है और जनता का पैसा जनता को देना कोई बहुत बड़ा काम नहीं है। जिस दिन से सरकार बनी उसी दिन से देना चाहिए था। क्यों नहीं दिया?

आपने जातिगत जनगणना क्यों नहीं कराई? जबकि आपके पास मौका था। जबकि बिहार में हो गई। बिहार में जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी हुए। जिस दिन आर्थिक आंकड़े जारी होंगे, किसके पास कितने साधन है? किसके पास कितनी संख्या और किसको कितनी संख्या में मिलना चाहिए। उस दिन देखना देश में क्रांति जन्म लेगी गैर बराबरी की सारी ताकत को उखाड़ कर फेंक देगी।

इंडिया गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा आज राजस्थान की जनता बेबस, लाचार है। नौजवानों को रोजगार नहीं है, महंगाई ने कमर तोड़ रखी है। दलित, पिछड़े, आदिवासियों का जाति धर्म के नाम पर उत्पीड़न हो रहा है। माइनॉरिटी के लोगों को मारा जा रहा है। पेपर लीक हो रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर मारे मारे फिर रहे हैं। देश जब ही तरक्की करेगा। जब केंद्र व स्टेट में तरक्की करने वाली सरकार आएगी। आजाद ने कहा पार्टी की लिस्ट जल्द जारी होगी।उनके प्रचार प्रसार की सारी जिम्मेदारी संगठन की होगी।