टोंक ब्यूरो रिपोर्ट। 

मालपुरा को जिला बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बीसूका उपाध्यक्ष डॉक्टर चंद्रभान का मालपुरा पहुंचने पर साइलेंट विरोध देखा गया। मालपुरा की सड़कों के किनारे पर प्रमुख जगह बड़े-बड़े होर्डिंग लगा रखे हैं। उनमें बाहरी भगाओ, डॉक्टर चंद्रभान वापस जाओ लिखा हुआ है। उनके कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दावेदारों ने दूरी बनाई। डॉक्टर चंद्रभान के समर्थक भी यह देख मायूस नजर आए।

कांग्रेस सरकार ने लास्ट बजट में प्रदेश में 17 जिले बनाए हैं। उसके बाद से मालपुरा के लोग भी मालपुरा को जिला बनाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे। लोगों ने बाजार बंद कराने से लेकर कई तरह के आंदोलन किए। इसको लेकर लोगों ने डॉक्टर चंद्रभान को भी अवगत कराया। डॉक्टर चंद्रभान ने लोगों को आश्वासन दिया था कि इस मामले में मुख्यमंत्री से बात हो गई है। डॉक्टर चंद्रभान ने दो दिन पहले मालपुरा के लोगों को मुख्यमंत्री से मिलने के लिए भी बुलाया। सैकड़ों लोग जिला बनने की आखिरी उम्मीद में डॉक्टर चंद्रभान के पास गए। उन्होंने लोगों को CM से मिलवाया। उसके कुछ ही घंटे बाद मुख्यमंत्री ने मालपुरा को जिला बनाने की घोषणा कर दी। इससे मालपुरा के लोग झूम उठे।

इस खुशी को सेलिब्रेट करने के लिए डॉक्टर चंद्रभान ने भी मालपुरा आने का कार्यक्रम रखा। जैसे ही चंद्रभान का कार्यक्रम बना तो मालपुरा से कांग्रेस के दावेदारों को लगा कि अब चंद्रभान फिर से मालपुरा से चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। इसके चलते अज्ञात लोगों ने शहर के कुछ प्रमुख रोड किनारे उनके विरोध में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगवा दिए। होर्डिंग्स में लिखा था बाहरी भगाओ-बाहरी भगाओ, डॉक्टर चंद्रभान जी वापस जाओ। यह देख बीसूका उपाध्यक्ष चंद्रभान और उनके समर्थक काफी नाराज दिखे। कुछ समर्थक तो यह कहते भी नजर आए कि इतने सीनियर राजनेता का इस तरह खुले आम विरोध नहीं करना चाहिए। वे तो उनका विधानसभा क्षेत्र रहा था। इसलिए यहां आए थे। अभी दो दिन पहले ही उनके कहने पर मालपुरा को जिला बनाया है और उसी नेता का दो दिन बाद ही खुलेआम विरोध किया है।