श्रीगंगानगर ब्यूरो रिपोर्ट। 

सूरतगढ़ विधानसभा में कांग्रेस द्वारा डूंगरराम गैदर टिकट देने पर पार्टी में टकराव की स्थिति पैदा हो गई। 'कांग्रेस तुझसे बैर नहीं, डूंगरराम गैदर तेरी खैर नहीं' नारे उप-तहसील राजियासर में कांग्रेस की टिकट गैदर को दिए जाने के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम को नारेबाजी और टायर जलाकर प्रदर्शन करते हुए लगाए। इतना ही नहीं पार्टी के झंडे जलाकर भी प्रदर्शन किया गया। इससे पहले टिब्बा क्षेत्र के कई सरपंचों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक कर बसपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष डूंगर राम गैदर को कांग्रेस में आने और उसके बाद टिकट दिए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया।

हालांकि डूंगरराम गैदर फिलहाल राजस्थान सरकार में शिल्प एवं बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं और राज्यमंत्री का दर्जा भी प्राप्त है। मगर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बसपा से कांग्रेस में आए गैदर को पिछले दोनों विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के लिए जिम्मेदार भी ठहराया। विरोध प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने सूरतगढ़ विधानसभा से भाजपा की टिकट मिलने के बाद आगे की रणनीति बनाने की बात कही।

गौरतलब है कि इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट मील परिवार के हनुमान मील की बजाय कद्दावर नेता डूंगरराम गैदर को दिए जाने के बाद से ही लगातार विरोध उपजा हुआ है। प्रत्याशियों की सूची जारी होने के अगले दिन ही सूरतगढ़ के ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में मील परिवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाते हुए उनसे आगे की रणनीति पर विचार विमर्श किया था। जिसमें यह नतीजा निकल कर आया कि पहले बीजेपी के प्रत्याशी की घोषणा हो जाए उसके बाद इस पर फैसला लिया जायेगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी के जिला महासचिव व पूर्व सरपंच मुखराम खिलेरी, ब्लॉक कांग्रेस के संगठन महामंत्री राजेश भादू, थर्मल मंडल अध्यक्ष संजय थोरी, जानकीदास मंडल अध्यक्ष चन्द्रपाल कस्वां, गुडली मंडल अध्यक्ष मेनपाल मंगलाव, ऐटा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश गोदारा, राजियासर मंडल अध्यक्ष मनीराम गोदारा, उदयपुर सरपंच दिलावर खान, राजपुरा पीपेरन सरपंच लालचंद लोहरा, पूर्व सरपंच अमीचंद कुलडिया, राजियासर के छोटू झोरड, उपाध्यक्ष महेंद्र सहारण, धर्मपाल मेघवाल, रामावतार शर्मा, मेतीराम खोड, मांगीलाल सहारण, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष नवीन बिशनोई, सत्तार अली, मोहनलाल सहारण, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी लाल, महेश गोदारा, लालचंद सुथार, हनुमान भादू, संदीप बिरडा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।