जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान में इस बार 5.26 करोड़ से ज्यादा वोटर्स सरकार का चुनाव करेंगे। निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव-2023 के लिए वोटर लिस्ट फाइनल कर दी है। 2018 में हुए विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार 48 लाख 91 हजार 545 लाख वोटर्स बढ़े हैं। प्रदेश में निर्वाचन विभाग ने राज्य के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों की फोटो युक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। यह सूची विभाग की वेबसाइट ceorajasthan.nic.in पर उपलब्ध है।

निर्वाचन आयोग के सीईओ प्रवीण गुप्ता ने बताया- इस बार विधानसभा चुनाव में 5 करोड़ 26 लाख 80 हजार 545 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2 करोड़ 73 लाख 58 हजार 627 पुरुष, जबकि 2 करोड़ 51 लाख 79 हजार 422 महिला मतदाता हैं। ट्रांसजेंडर वोटर्स 606 हैं, वहीं पीवीटीजी (सहरिया आदिवासी) मतदाता 77,343 हैं। 2018 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कुल 4 करोड़ 77 लाख 89 हजार मतदाता थे। राज्य में पोलिंग बूथ की संख्या 51 हजार 187 से बढ़कर 51 हजार 756 हो गई है।

2.73 करोड़ युवा वोटर्स
इस बार युवा वोटर्स करीब 2.73 करोड़ हैं। इनकी उम्र 18 से लेकर 39 साल है। इसमें 22 लाख 6 हजार से ज्यादा ऐसे वोटर्स हैं जो पहली बार वोट देंगे, जिनकी उम्र 18 से 20 साल के बीच है। वहीं 20 से 29 साल की उम्र के वोटर्स 1.32 करोड़ और 30 से 39 साल के एज ग्रुप के वोटर्स 11.85 करोड़ हैं।

80 वर्ष से अधिक के कुल 11.78 लाख मतदाता
वोटर लिस्ट में 80 वर्ष से अधिक आयु के कुल 11.78 लाख मतदाता और 100 वर्ष से अधिक आयु के 17 हजार 241 वोटर हैं। इन वोटर्स को इस बार घर बैठे वोटिंग का ऑप्शन मिलेगा।

पहली बार सेक्स वर्कर्स भी देंगी वोट
इस बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सेक्स वर्कर्स की भी अलग से वोटर लिस्ट तैयार की गई। पूरे प्रदेश में कुल 13 हजार 232 वर्कर्स चिह्नित की गई, जिनको वोटर लिस्ट में शामिल किया गया।