करौली ब्यूरो रिपोर्ट। 

सपोटरा विधायक और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा ने मंडरायल की दरगमा ग्राम पंचायत में नव निर्मित मिनी सचिवालय और महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

विधायक ने सबसे पहले मंडरायल के दरगमा ग्राम पंचायत में नवनिर्मित मिनी सचिवालय का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शिला पट्टिका का भी अनावरण किया। मिनी सचिवालय का निर्माण करीब 35 लाख रुपए की लागत से हुआ है। इस दौरान ग्रामीणों ने माला साफा पहनकर मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री और उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहली बार इतने काम हुए हैं। मंडरायल सहित क्षेत्र को कई सौगातें मिली हैं। मुख्यमंत्री ने बिना मांगे ही बहुत कुछ दिया है।

इसके बाद विधायक ने मंडरायल में महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में नवनिर्मित कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया। स्कूल में विधायक कोष से करीब 20 लाख रुपए की लागत से कक्षा कक्षों का निर्माण हुआ है। इस दौरान विधायक ने कहा कि शिक्षा से ही समाज में जागरूकता आती है और विकास होता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से युवाओं को शिक्षित करने और बालिका शिक्षा पर जोर देने की अपील की। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।