जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान हाई कोर्ट को 3 नए जज़ मिल गए हैं। पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट से दो और तेलंगाना हाई कोर्ट एक न्यायाधीश का राजस्थान हाई कोर्ट ट्रांसफर किया गया हैं। पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट से जस्टिस अवनीश झिंगन और जस्टिस अरुण मोगा का राजस्थान हाई कोर्ट ट्रांसफर किया गया हैं।

वहीं तेलंगाना हाई कोर्ट से जस्टिस एम लक्ष्मण का ट्रांसफर राजस्थान हाई कोर्ट हुआ हैं। तीनों जजों के राजस्थान हाई कोर्ट में कार्यभार संभालने के बाद राजस्थान हाई कोर्ट में 35 जज़ हो जाएंगे।

पंजाब एंड हरियाणा से दो जज़ों का ट्रांसफर
जस्टिस अवनीश झिंगन औऱ जस्टिस अरूण मोगा का ट्रांसफर पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट से राजस्थान हाई कोर्ट किया गया हैं। जस्टिस अवनीश झिंगन ने पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ किया हैं। 1992 में वे वकालत में एनरॉल हुए। वे सिविल और टैक्स मैटर्स के एक्सपर्ट हैं। 10 जुलाई 2017 को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में जज़ नियुक्त हुए।

वहीं जस्टिस अरूण मोगा ने भी पंजाब यूनिवर्सिटी से लॉ किया हैं। इन्होंने 1991 में वकालत शुरू की। इनके पिता भी न्यायिक अधिकारी रहे हैं। करीब 20 साल की वकालत के बाद अक्टूबर 2018 को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त हुए।

एम लक्ष्मण न्यायिक अधिकारी से बने हाई कोर्ट जज़
जस्टिस एम लक्ष्मण का तेलंगाना हाई कोर्ट से राजस्थान हाई कोर्ट ट्रांसफर किया गया हैं। जस्टिस एम लक्ष्मण ने ओसमानिया यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री ली। उन्होंने 1991 से वकालत शुरु की। इसी दौरान वे 2008 में डीजे कैडर में सलेक्ट होकर न्यायिक अधिकारी बने। वे कई जिलों में जिला जज़ रहे। 15 अक्टूबर 2021 को तेलंगाना हाई कोर्ट में न्यायाधीश बने।

अब भी 15 जज़ों की कमी
राजस्थान हाई कोर्ट में 50 न्यायाधीशों के पद स्वीकृत हैं। अभी हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश एजी मसीह सहित 32 न्यायाधीश कार्यरत हैं। ट्रांसफर होकर आ रहे तीन जज़ों की शपथ के बाद इनकी संख्या 35 हो जाएगी। लेकिन उसके बाद भी हाई कोर्ट में 15 न्यायाधीशों के पद खाली रहेंगे।