सीकर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि सीएम गहलोत को अंतिम समय में देव याद आ रहे हैं, भगवान याद आ रहे हैं। जोशी ने नसीहत भी दी कि- अगर आप हिंदू हैं तो हिंदू जैसा दिखो भी, हिंदू जैसा करो भी। जोशी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में भगवा पताका पर प्रतिबंध लगाता है। प्रभु श्री राम के नारे लगाने वालों पर प्रतिबंध लगता है, सालासर दरबार को बुलडोजर से तोड़ा जाता है, शिव मंदिर को ड्रिल मशीन से तोड़ा जाता है। कांग्रेस राज में एक धर्म को डीजे बजाने की अनुमति है और दूसरे लोगों के त्योहार पर प्रतिबंध लग जाता है।

सीकर जिले के धोद इलाके में आज सांगलिया धूणी के बाबा खींवादास की 22वीं पुण्यतिथि पर प्रोग्राम है। सीपी जोशी व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ धूणी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में संतों का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इससे पहले भाजपा ऑफिस में पत्रकार वार्ता की।

कांग्रेस की सनातन धर्म के खिलाफ रही नीति
पत्रकारों वार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश सरकार पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर एक जगह पर PFI जैसे आतंकवादी संगठन को बड़ी रैली करने की अनुमति दी जाती है। वहीं हिंदू नववर्ष और रामनवमी मनाने पर प्रतिबंध लगाता है। DMK नेता ए. राजा के सनातन धर्म की तुलना HIV और कोढ़ से करने वाले कथित बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों की नीति हमेशा से ही सनातन धर्म के खिलाफ रही है।

सनातन देश के रग-रग में बसा
सीपी जोशी ने कहा कि सनातन धर्म को समाप्त करने के लिए को अकबर,औरंगजेब और कई लोग आए लेकिन कोई सनातन को खत्म नहीं कर पाया। कांग्रेस किस खेत की मूली है, जो सनातन को समाप्त कर देंगे। सनातन देश के रग-रग में बसा है। उसे न तो कोई समाप्त कर पाया है और न ही कोई समाप्त कर पाएगा।

भारत जोड़ो यात्रा पर साधा निशाना
सांगलिया धूणी जाने के पॉलिटिक्स स्टंट के सवाल का जवाब देते हुए सीपी जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही सांगलिया धूणी जाती रही है। वह एक ऐसे संत हैं जिन्होंने मुस्लिम बने लोगों को वापस हिंदू बनाने का काम किया। ऐसे स्थान पर भारतीय जनता पार्टी के लोग हमेशा से जाते हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को एक साल पूरा होने पर यात्रा पर निशाना साधते हुए सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी के लिए इस भारत माता के टुकड़े किसने किए। इसका जवाब पहले कांग्रेस जनता को दे और फिर भारत जोड़ो यात्रा निकाले।