जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के चोरड़िया गांव पहुंचकर देवराज हितकारिणी सभा के प्रथम अध्यक्ष एवं शेरगढ़ के पूर्व प्रधान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कल्याण सिंह राठौड़ की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री फलोदी से हेलिकॉप्टर से चौरड़िया पहुंचे थे।

कार्यक्रम में मंत्री हेमाराम चौधरी,अल्प संख्यक मंत्री सालेह मोहम्मद,मानवेंद्र सिंह जसोल, जिला अध्यक्ष हीराराम मेघवाल,शेरगढ़ विधायक मीना कवर, पीसीसी सदस्य उम्मेद सिंह राठौड़, लोहावट विधायक किशना राम विश्नोई,शहर विधायक मनीषा पंवार, जेडीए चेयरमैन राजेंद्र सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री इस मौके पर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही शेरगढ़ में पिछले साढ़े चार साल में हुए विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

सीएम अशोक गहलोत आज दोपहर को 2 बजे चोरड़िया गांव में बनाए गए हेलिपैड पर उतरे। इसके बाद सीधे मूर्ति अनावरण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने देवराज हितकारिणी सभा के प्रथम अध्यक्ष एवं संरक्षक तथा शेरगढ़ के लगातार 40 वर्ष तक प्रधान पद पर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह राठौड़ की प्रतिमा का अनावरण किया।

प्रतिमा का अनावरण के बाद आयोजित जनसभा स्थल पहुंचे। अब जन सभा संबोधित करेंगे एवं ग्रामीणों से रुबरू होकर जन समस्याएं भी सुनेंगे।

10 से ज्यादा उद्घाटन करेंगे

इस मौके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चोरडिया गांव में प्रतिमा का अनावरण करने के बाद वहीं से शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के एक दर्जन बड़े विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। वही शेरगढ़ विधायक मीना कवर राठौड़ और पीसीसी सदस्य उम्मेद सिंह राठौड़ सीएम गहलोत का स्वागत करेंगे।

शेरगढ़ और लोहावट विधानसभा से पहुंचे कार्यकर्ता

इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए शेरगढ़ विधानसभा के बालेसर,सेखाला,चामू और शेरगढ़ पंचायत समिति और लोहावट विधानसभा से हजारों की तादाद में कांग्रेसी कार्यकर्ता बसों ,जीपों, कारों और दुपहिया वाहनों से हजारों की तादाद में कांग्रेसी कार्यकर्ता चोरड़िया गांव पहुंचे हैं।

चोरड़िया गांव में हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए दो विशाल वाटर प्रूफ डोम बनाए गए हैं।