हेमेंद्र शर्मा - सवाई माधोपुर
भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा रथ के आज गंगापुर सिटी से होकर गुजरने के दौरान रूट चार्ट को लेकर पुलिस एवं भाजपा कार्यकर्ता पदाधिकारी में जमकर झड़प हो गई। गंगापुर सिटी के होटल पर्ल से जैसे ही परिवर्तन संकल्प यात्रा का रथ आगे बढ़ा और रथ के गंगापुरसिटी शहर के अंदर जाने की बारी आई तभी पुलिस प्रशासन ने परिवर्तन संकल्प यात्रा को रोक दिया। पुलिस का तर्क था कि वे गंगापुरसिटी शहर के अंदर के मुख्य मार्ग से होकर रथ नहीं गुजार सकते। ऐसे में परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी आक्रोशित हो गए और इसी रास्ते से जाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं में झड़प भी हुई। आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता सदर थाने के पास सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए हैं और पुलिस प्रशासन तथा राज्य सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान टोंक सवाई माधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ,करौली सांसद मनोज राजोरिया ,यात्रा संयोजक अरुण चतुर्वेदी ,सह संयोजक जितेंद्र गोठवाल भी मौके पर मौजूद थे। गंगापुर सिटी के पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर का कहना था कि रूट चार्ट को लेकर जिला प्रशासन को पूर्व में ही एप्लीकेशन दे दी गई थी। उसके बावजूद पुलिस प्रशासन हठधर्मिता अपनाते हुए परिवर्तन संकल्प यात्रा का रथ रोक दिया। भाजपा ने चेतावनी दी कि वह गंगापुरसिटी के मुख्य मार्गो से होकर ही परिवर्तन संकल्प यात्रा का रथ लेकर जाएंगे। ऐसे में पुलिस व भाजपा के बीच गतिरोध बढ़ गया और भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। भाजपा के पदाधिकारी सदर थाने के पास अलीगंज चौराहे पर धरना देकर बैठे गए। भाजपा एंव पुलिस के बीच मार्ग को लेकर करीब दो घंटे से भी अधिक समय तक गतिरोध जारी रहा। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा भाजपा के बड़े नेताओं से समझाइश की गई । काफी देर तक चले समझाइश के दौर के बाद पुलिस एंव भाजपा के बीच समझौता हुआ और पुलिस भाजपा के एक रथ को 11 लोगो के साथ शहर के मुख्य मार्ग से निकालने पर राजी हुई । वही अन्य सभी रथों एंव कार्यकर्ताओं अन्य निर्धारित रास्ते से निकालने की सहमति बनी। तब जाकर मामला शांत हुआ और भाजपा की परिवर्तन यात्रा आगे की ओर बढ़ गई।