अलवर ब्यूरो रिपोर्ट। 

बानसूर में परिवर्तन संकल्प यात्रा के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। बेरोजगारी, पेपर लीक, महिलाओं पर अत्याचार और कानूनी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरा। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, परिवर्तन यात्रा के सहसंयोजक श्रवण बागड़ी ने ये प्रेसवार्ता की।

अशोक परनामी ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री की ओर से राजस्थान सरकार के कारनामों का उजागर करने के लिए लाल डायरी का थोड़ा सा ट्रेलर आया था, उसमें सरकार पूरी हिल गई। लाल डायरी में बहुत कुछ और निकलेगा। भ्रष्टाचार का पूरा लेखा-जोखा लाल डायरी में है। प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल है। अलवर जिले में मूकबधिर बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी सरकार की नाकामी के कारण आरोपी खुले में घूम रहे हैं।

बानसूर के भूपसेड़ा सुनीता हत्याकांड और महनपुर में नाबालिग बच्चे की हत्या के मामले का पुलिस की ओर से अभी तक खुलासा नहीं किया गया है। कुछ दिन पहले ही नारायणपुर में एक व्यापारी हंसराज से लूटपाट और जान से मारने की नीयत से आंख पर चाकू मारने की घटना के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए निर्दोष व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया। पूरे राज्य में महिलाओं पर दुष्कर्म और भ्रष्टाचार का बोलबाला हो रहा है। विधायक मंत्री अपने क्षेत्र के मनचाहे थाना अधिकारी लगाकर मनमर्जी कर रहे हैं।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष उमेद सिंह भाया, बानसूर मंडल अध्यक्ष नरेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य महेंद्र यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शशिकांत बोहरा, गजेंद्र ज्ञानपुरिया, सज्जन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।