जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान की प्रतापगढ़ जिले की धरियावद में एक महिला को निर्वस्त्र कर घूमने के मामले में विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस पूरे मामले के लिए राजस्थान की कांग्रेस सरकार और बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है। अपराधी बेखौफ और निरंकुश हो चुके हैं। हर दिन हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही है। जिससे आम जनता खौफ में जीवन जीने के लिए मजबूर हो गई है। ऐसे में जब तक राजस्थान की बाद से बद्तर हो चुकी कानून व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी। तब तक यह हालत भी नहीं सुधरेंगे।

हनुमान बेनीवाल ने कहा कि प्रतापगढ़ की घटना भी 3 दिन पुरानी थी। जिसका वीडियो वायरल होने के 3 दिन बाद पुलिस को इसकी जानकारी लगी। अब थाना अधिकारी और डीजी क्राइम को मौके पर भेजा जा रहा है। लेकिन इसका कोई फायदा नहीं होगा। क्योंकि यह घटना पुलिस की लापरवाही और संवेदनहीनता का एक उदाहरण है।

जो लोग प्रतापगढ़ को कंट्रोल करने का दावा करते थे। वह कलेक्टर और एसपी अब कहां चले गए। एडीजी क्राइम जो अब मौके पर अपराधियों पर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। जब यह घटना हुई उसके तीन दिन तक वह कहां चले गए थे। क्या उन्हें भी इस घटना की जानकारी चार दिन बाद मिली।

बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। इतनी बड़ी वारदात के तीन दिन बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली। बावजूद इसके पुलिस अपराधियों को पकड़ने की जगह वीडियो वायरल होने तक से नहीं रोक पाई। ऐसे में इस गंभीर मामले में एसपी और कलेक्टर दोनों के साथ पुलिस थाने को सस्पेंड किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस से हाथ मिला रखा है। देश में पहलवानों के साथ हुई घटना से लेकर मणिपुर में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के लिए भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार है। इसीलिए उन्हें राजस्थान में हो रही महिला हिंसा की घटनाएं नहीं दिखती। बीजेपी के नेता सिर्फ जनता को बेवकूफ बनाने के लिए बयान बाजी करते हैं। लेकिन हकीकत में उनका कांग्रेस के साथ गठबंधन है।

जो पिछले 25 साल से चलता आ रहा है। महेश जोशी के बेटे पर बलात्कार का मुकदमा लगा, तब भी बीजेपी के नेता चुप रहे। विधानसभा में शांति धारीवाल ने बेतुका बयान दिया। तब भी बीजेपी के नेता चुप रहे। इस तरह के दर्जनों उदाहरण है। जहां बीजेपी और कांग्रेस की मिलीभगत साफ जाहिर होती है। ऐसे में अब राजस्थान कि जनता के लिए RLP पार्टी प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगी।