जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा की ओर से जो परिवर्तन संकल्प यात्राएं प्रदेश में निकाली जा रही हैं उसको जनता का बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है। इन यात्राओं को मिल रहे समर्थन से ही लग रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बहुमत के साथ बनने जा रही है।

माथुर जोधपुर के फलोदी और शेरगढ़ में परिवर्तन यात्राओं में शामिल होने के लिए मंगलवार को जोधपुर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अपनी यात्राएं निकाल रहे हैं।

लोकतंत्र में सभी अपने स्तर पर जनता को अपनी बात कहने में लगे हैं, वह अपनी पार्टी के लिए कम कर रहे हैं, मैं अपनी पार्टी के लिए। कांग्रेस चाहे कितना भी कहे कि एंटी इनकमबेंसी नहीं है, चुनाव में इसका जवाब जनता देगी।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि यह कई सालों से देश की मांग थी जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है। जल्द ही इसे लोकसभा में रखा जाएगा। दिल्ली और आसपास की कई महिलाएं इस बात के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद करने के लिए पहुंच रही हैं। यह देश में आमूलचूल परिवर्तन है।

उन्होंने कहा कि पहले राजनीति जातिवाद-क्षेत्रवाद के आधार पर होती थी, लेकिन पीएम मोदी ने विकास के मुद्दों पर राजनीति की। 2014 के बाद पूरे देश का समान रूप से विकास किया है। उन्होंने कहा कि जब छत्तीसगढ़ के प्रभारी के रूप में गया तो देखा कि बहुत पिछड़ा हुआ प्रदेश है। लेकिन अब आजादी का अमृत महोत्सव जो मना रहे हैं इसमें भारत विश्व गुरु बनने की तरफ बढ़ रहा है।

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भाजपा के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा, पाली के पूर्व सांसद पुष्प जैन, नरेंद्र कच्छवाह, प्रसन्न मेहता, विजय राजोरिया सहित अन्य ने किया। यहां जोधपुर में भाजपा कार्यकर्ता के यहां अल्पाहार लेने के बाद में परिवर्तन यात्रा में हिस्सा लेने के लिए फलोदी रवाना हो गए।

लोकसभा में आज 19 सितंबर को 128वां संविधान संशोधन बिल यानी नारी शक्ति वंदन विधेयक पेश किया गया। इसके मुताबिक, लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% रिजर्वेंशन लागू किया जाएगा। इस फॉर्मूले के मुताबिक, लोकसभा की 543 सीटों में 181 महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।