दौसा ब्यूरो रिपोर्ट। 

दौसा में तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने टेंपो को टक्कर मारते हुए तीन पदयात्रियों को रौंद दिया। हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आराेपी बस ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

हादसा रविवार सुबह 11:30 बजे करौली स्टेट हाईवे पर हुआ। महवा थाना इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया- बरीतकी गांव के नजदीक बस ने एक टेंपो को टक्कर मार दी। इसी दौरान पास से निकल रहे पदयात्रियों को भी बस ने चपेट में ले लिया।

दर्शन कर लौट रहे थे
प्रत्यक्षदर्शी राजेंद्र सिंह ने बताया- यात्रियों से भरा टेंपो हिंडौन (करौली) की तरफ से आ रहा था। बस महवा की तरफ से आ रही थी। महवा से हिंडौन के भैरूजी के लिए पदयात्रा निकाली जा रही थी। इस बीच पैदल यात्रियों को बचाने की कोशिश में बस से एक्सीडेंट हुआ।

इनकी हुई मौत
हादसे में राहगीर आसिफ अली (38) निवासी हिंडौन की मौत हो गई। वह पदयात्रा देख रहा था। इसके अलावा पदयात्रा में शामिल देवकीनंदन (36) निवासी गुर्जर मोहल्ला (महवा), मंगती जोगी (22) सलेमपुर (दौसा) और उसके डेढ़ साल के बेटे प्रियांशु की भी मौत हो गई।

वहीं, लोडिंग टेंपो में सवार मध्यप्रदेश के कासगंज की निवासी गुलाब देवी (35) की भी हादसे में मौत हो गई। एक्सीडेंट में बिहार-मध्यप्रदेश के 6 लोग भी घायल हो गए। इनमें से 2 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया है। टेंपो में सवार लोग कैलादेवी (करौली) के दर्शन कर मध्य प्रदेश लौट रहे थे।

घटना की सूचना पर विधायक ओमप्रकाश हुड़ला, एसडीएम लाखन सिंह, डीएसपी प्रेम बहादुर निर्भय, पूर्व प्रधान राजेंद्र मीणा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय शंकर बोहरा समेत बड़ी संख्या में लोग हॉस्पिटल पहुंचे।