जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान में शुक्रवार सुबह से शुरू हुई पेट्रोल पंप संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दोपहर 3 बजे स्थगित हो गई। सरकार से वार्ता के बाद एसोसिएशन ने यह निर्णय किया। एसोसिएशन की मांगों पर सरकार की ओर से 10 दिन का समय मांगा गया है। इसके लिए कमेटी बनाई गई है।

राजस्थान में पंजाब की तरह वेट कम करने की मांग को लेकर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने बुधवार और गुरुवार को सांकेतिक हड़ताल की थी। गुरुवार शाम को सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने के बाद शुक्रवार सुबह 6 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया था।

सुबह से ही प्रदेश के 47 जिलों में पेट्राेल पंप बंद हो गए थे। दाेपहर में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की ओर से प्रतिनिधि मंडल के साथ बैठक तय की गई। मंत्री और प्रतिनिधि मंडल के बीच वार्ता के बाद सहमति बनी।

प्रदेश के 60 कोको पंप पर मिला था पेट्रोल-डीजल
प्रदेश के सभी पंपों पर पेट्रोल, डीजल व सीएनजी- एलपीजी की सप्लाई नहीं हो पाई थी। वहीं, कंपनियों की ओर से संचालित प्रदेशभर के 60 पंपों पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री हो रही थी। इनमें जयपुर के भी 8 कोको पंप शामिल थे। हड़ताल से प्रदेश के करीब से 6500 पंप बंद रहे थे।

जोधपुर-अलवर-कोटा शहर के पेट्रोल पंप खुले रहे

राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की पेट्रोल पंप हड़ताल का जोधपुर शहर में असर दिखाई नहीं दिया था। संभागीय अध्यक्ष गोपालसिंह रूदिया ने कहा था कि शहर के 74 पेट्रोल पंप खुले रहे, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के पंप बंद रहे थे।

कोटा जिले में सभी पेट्रोल पंप खुले हुए थे। कोटा पेट्रोल डीजल पंप डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुमित सिंह बेदी ने कहा था कि जिले के सभी 250 पंप पर बिक्री चालू रही। कल प्रतिनिधिमंडल मंत्री से मिला था, जहां आश्वासन के बाद जनता के हित को देखते हुए फिलहाल हड़ताल टाली थी।

इसी तरह जैसलमेर शहर 58 पेट्रोल पंप खुले थे। शहर के पेट्रोल पंप मालिक ना तो सांकेतिक हड़ताल में शामिल हुए और ना ही सम्पूर्ण बंद में। पंप ऑपरेटर का कहना था कि रेगिस्तानी इलाका होने की वजह से जिले में पंप कम है। काफी दूर से लोग पेट्रोल भरवाने आते हैं। उन्हें परेशानी न हो इसलिए ये निर्णय लिया गया है। वहीं चित्तौड़गढ़ शहर में भी 12 पंप में से महज 4 से 5 बंद है, जबकि बाकी पर बिक्री चालू रही थी।