अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सोमवार को राजस्व अधिकारी ग्रेड द्वितीय के पदों की संख्या का संशोधित वर्गवार वर्गीकरण संबंधी शुद्धि-पत्र संख्या 03/2023-24 जारी किया गया है। इसका अवलोकन अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर कर सकते हैं। इसमें स्वायत्त शासन विभाग द्वारा राजस्व अधिकारी ग्रेड द्वितीय के 7 पद बढ़ाए गए हैं।
आयोग सचिव ने बताया कि अब आयोग द्वारा स्वायत्त शासन विभाग में अधिशाषी अधिकारी वर्ग-चतुर्थ के 90, राजस्व अधिकारी ग्रेड द्वितीय के 21 तथा सहायक अभियंता (सिविल) के 41 कुल 152 प्रशासनिक एवं तकनीकी पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा उक्त पदों पर भर्ती के संयुक्त विज्ञापन संख्या 9/2022-23 दिनांक 24 अगस्त 2022 को जारी किया गया था। इसके अन्तर्गत 14 मई 2023 को राजस्व अधिकारी ग्रेड द्वितीय एवं अधिशाषी अधिकारी ग्रेड चतुर्थ की परीक्षा तथा 21 मई 2023 को सहायक अभियंता (सिविल) के पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी।