अजमेर में भाजपा नेता के बेटे की गाड़ी में तोड़फोड़ कर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के शहर अध्यक्ष और अन्य 5 लोगों पर आरोप लगाते हुए क्रिश्चियन गंज थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाजपा नेता महेंद्र सिंह राठौड़ के पुत्र हर्षवर्धन सिंह राठौड़ ने क्रिश्चियन गंज थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि वह अपनी गाड़ी से प्रगति नगर कोटड़ा से सामान लेकर ऑफिस की तरफ जा रहा था। बीच सड़क पर एक आई 20 कार खड़ी हुई थी।
इसका गेट खोल कर लोग बैठे हुए थे। हॉर्न बजाया तो किसी ने गेट बंद नहीं किया। इसके बाद उसने कार से निकलकर आगे खड़ी कार के ड्राइवर को गाड़ी का गेट बंद कर साइड लगाने के लिए कहा तो उसमें से 4-5 लोग निकले और उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया- इस दौरान वह अपनी जान बचाकर भागा और प्रगति नगर कोटड़ा में स्थित मंगलम फ्लैट की छत पर जा पहुंचा और अंदर से गेट बंद कर दिया। जिसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। पीड़ित हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि उसके ऊपर जानलेवा हमला करने वाले लोगों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी शहर अध्यक्ष आशीष सोनी को वो जानता है।
आशीष सोनी और उसके साथियों ने कार में तोड़फोड़ भी की है। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी मेरी थी लेकिन मैं मौजूद नहीं था
मामले में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के शहर अध्यक्ष आशीष सोनी ने कहा कि हर्षवर्धन के द्वारा लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। घटनास्थल पर गाड़ी उनका दोस्त लेकर गया था। लेकिन वो वहां पर मौजूद नहीं था।



0 टिप्पणियाँ