जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान में 'बिपरजॉय' अब कहर बरपाने लगा है। चक्रवाती तूफान के असर से शनिवार सुबह से ही बाड़मेर, माउंट आबू, सिरोही, उदयपुर, जालोर, जोधपुर और नागौर में मूसलाधार बारिश हो रही है। 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। बिपरजॉय 17KM प्रति घंटा की स्पीड से जोधपुर-पाली की तरफ आगे बढ़ रहा है।

बाड़मेर में बाढ़ के हालात बन गए हैं। यहां NDRF की टीम बुलाई गई है। उधर, खराब मौसम के चलते पाली के जैतारण थाना क्षेत्र में 11KV बिजली लाइन का तार गिरने से बंजाकुडी गांव की 16 साल की पूजा कुमावत की मौत हो गई। इस हादसे में एक बछड़ी भी करंट से झुलसकर मर गई।

पिछले 24 घंटे के दौरान जालोर, सिरोही और रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। माउंट आबू में रिकॉर्ड 8.4 इंच पानी बरसा। मौसम केंद्र जयपुर ने सिरोही और जालोर में भी बाढ़ के हालात की आशंका जताई है। जयपुर में भी सुबह से बादल छाए हैं। इस बीच शाम को हल्की बारिश भी शुरू हो गई।

मौसम विभाग ने बाड़मेर, जालोर, सिरोही और पाली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेलवे ने बाड़मेर से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसी तरह उदयपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाली दो फ्लाइट भी कैंसिल की गई हैं। पाकिस्तान बॉर्डर से सटे बाड़मेर के 5 गांवों (बाखासर, सेड़वा चौहटन, रामसर, धोरीमना) के पांच हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

वहीं देर शाम के बाद जैसलमेर जिले के चांधन समेत गांवों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है। बारिश की वजह से जिले के ग्राम पंचायत रेवड़ी के संग्राम की ढाणी में एक कच्चा मकान गिरने से 7 बकरियां मर गई। ग्रामीणों की मदद से इन सभी को बाहर निकाला गया।

80% राजस्थान में बादल छाए, बाडमेर में 8 इंच से ज्यादा बारिश
बिपरजॉय के असर से 80% राजस्थान में बादल छाए हैं। बीते 24 घंटे में अब तक सबसे ज्यादा बारिश बाड़मेर जिले के चौहटन में 8.4, सेड़वा में 6.1, धोरीमना में 8, धनाऊ में 5.7 इंच बारिश हुई है। तूफान बिपरजॉय शुक्रवार रात राजस्थान पहुंचा था। राज्य में इसका असर रविवार तक रहेगा। तूफान के असर से अब MP, UP और दिल्ली के कुछ इलाकों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है।

कमजोर होकर डिप्रेशन में कन्वर्ट होगा...

मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक चक्रवात डीप डिप्रेशन के रूप में 17KM प्रति घंटा की स्पीड से उत्तर-पूर्वी दिशा की ओर से आगे बढ़ रहा है। अगले 6 से 8 घंटे के दौरान यह जोधपुर, पाली सीमा के पास आकर कमजोर होकर डिप्रेशन में कन्वर्ट होगा। इसके कारण इन जिलों में आज मध्य रात और कल सुबह तेज बारिश देखने को मिल सकती है। इसके रविवार दोपहर तक इसी तरह (डिप्रेशन के रूप में) बने रहने की संभावना है।

उधर, एसडीआरएफ के एडिशनल एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया- हमारी टीमें जोधपुर में लगातार निचले इलाकों में गश्त कर रही हैं। शहर के निचले इलाकों रूपनगर, बीजेएस, डर्बी टेक्सटाइल इलाकों में टीम लगातार अलर्ट मोड पर है। बारिश को देखते हुए जयपुर से एसडीआरएफ की 2 टीम को साजो-सामान के साथ रवाना किया गया है ताकि किसी भी विकट परिस्थिति में लोगों को बचाया जा सके। जोधपुर में आरएसी की एक टुकड़ी को रिजर्व रखा गया है। जलभराव की समस्या वाले इलाकों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

बारिश से जुड़े अपडेट्स...

  • मौसम केन्द्र जयपुर के सीनियर साइंटिस्ट हिमांशु शर्मा ने बताया कि इस साइक्लोन का आई पॉइंट (मिड) राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर चुका। उस समय सिस्टम की स्थिति डीप डिप्रेशन में रूप में रही और राजस्थान में हवा की स्पीड 40 से 55 KM प्रतिघंटा रही। उन्होंने बताया कि अब यह कमजोर होकर डिप्रेशन के रूप में कन्वर्ट हो गया है।
  • उत्तर-पश्चिम रेलवे ने जोधपुर-बाड़मेर, बाड़मेर-मुनाबाव, जोधपुर-भीलड़ी, जोधपुर-पालनपुर और अमृतसर-गांधी धाम के बीच चलने वाली 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
  • उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट से शनिवार को उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की 2 फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। जानकारी के अनुसार उदयपुर से दोपहर 1 बजे दिल्ली रवाना होने वाली फ्लाइट और शाम 4:30 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट को कैंसिल किया गया है।
  • पाली की फैक्ट्रियों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
  • जोधपुर में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। इसे देखते हुए कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थाओं, कोचिंग संस्थाओं, जिम, पर्यटन स्थल और समर कैंप बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर में आज कुछ स्थानों पर 100MM तक बरसात होने का अनुमान है।