जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर में जॉइंट कमिश्नर जीएसटी स्टेट टैक्स संजय गुप्ता (53) चार दिन से लापता हैं। इस संबंध में परिवार ने रविवार को महेश नगर थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज करवाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संजय गुप्ता के मोबाइल की लास्ट लोकेशन बस्सी इलाके में आई थी। पुलिस की एक टीम बस्सी पहुंची, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

महेश नगर थाना सीआई सरोज धायल ने बताया- संजय गुप्ता शनिवार दोपहर 4 बजे घर पर पत्नी को बोल कर निकले थे की वह डीडवाना एक शादी में जा रहे हैं। अकेले ही कार से डीडवाना रवाना हो गए। शनिवार रात करीब 8-9 बजे संजय की पत्नी की संजय से बात हुई। संजय गुप्ता ने उन्हें कहा कि वह शादी में पहुंच गए हैं। इसके बाद से उनका मोबाइल नम्बर बंद हैं। रविवार को भी मोबाइल चालू नहीं होने पर संजय गुप्ता की पत्नी महेश नगर थाने पहुंची। पुलिस को जानकारी दी।

बस्सी आई लोकेशन, पुलिस पहुंची तो कुछ नहीं मिला

पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो मोबाइल की लास्ट लोकेशन बस्सी निकली। इसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। कई घंटों तक मौके पर सर्च करने के दौरान भी संजय गुप्ता का कोई पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार यह पहली बार हुआ जब संजय गुप्ता इस तरह गायब हो गए। पुलिस भी अपने स्तर पर हर सम्भव प्रयास कर चुकी है। अभी तक संजय गुप्ता का कोई सुराग पुलिस को नहीं लगा हैं।

एसएचओ महेश नगर सरोज ने बताया- संजय गुप्ता को जानने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही हैं। उनके कार्यालय में भी काम करने वालों से पूछताछ की गई है। अभी तक कोई लीड पुलिस को नहीं मिली है।

पत्नी बोली- पहली बार हुआ ऐसा

संजय गुप्ता के परिवार में दो बच्चे और पत्नी हैं। संजय गुप्ता के एकाएक गायब होने से पूरा परिवार सहमा हुआ है। उनकी पत्नी ने बताया- यह पहली बार हुआ है। हर जगह प्रयास किया जा रहा है। मैं और मेरा परिवार उनके एकाएक जाने से परेशान हैं।