दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे पर अलवर में शनिवार हुए रोड एक्सीडेंट में राज सॉलवेक्स कंपनी के मालिक की मौत हो गई। तेज रफ्तार मर्सिडीज कार डिवाइड पर चढ़कर पलट गई। इससे कार में आग लग गई और बिजनेसमैन जिंदा जल गया।
हादसा रात करीब 12.30 नौगांवा थाना क्षेत्र में हुआ। हादसा इतना भीषण था कि कार चकनाचूर हो गई और आग की लपटों में घिर गई। कार को दिल्ली के मॉडल टाउन निवासी बिजनेसमैन राजन गुप्ता (33) चला रहे थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राजन के साथ उनके साथी तुलसीराम भी कार में थे, जो गंभीर घायल हो गए। तुलसीराम को अलवर के जिला हॉस्पिटल से रात को ही जयपुर रेफर कर दिया गया। नौगांवा थाना क्षेत्र के एएसआई महेंद्र कुमार ने बताया कि राजन गुप्ता पुत्र प्रेम कुमार गुप्ता दिल्ली के मॉडल टाउन में रहते थे। वे शनिवार रात अलवर से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। राजन और तुलसीराम मर्सिडीज कार से दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे से होते हुए दिल्ली जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक ट्रोले को बचाने के प्रयास में कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार में आग लग गई। आग से राजन गुप्ता जल गए। वे बाहर नहीं निकल सके।
नगर परिषद अलवर के पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल ने बताया कि राजन गुप्ता दिल्ली निवासी प्रेम कुमार गुप्ता के इकलौते बेटे थे। अलवर के एमआईए (मत्स्य इंडस्ट्रियल एरिया) में तेल मील का बड़ा प्लांट राज सॉलवेक्स है।
अजय ने बताया कि शनिवार रात 11.30 बजे राजन अलवर से साथी तुलसीराम के साथ खुद की मर्सिडीज से निकले थे। एमआईए के उद्योगपतियों ने बताया कि राजन जल्द ही दूसरा बड़ा प्लांट लगाने की तैयारी में थे। जिसके लिए उन्होंने हाल ही में एक बड़ी जमीन भी खरीदी थी।
0 टिप्पणियाँ