अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष पूर्व मंत्री नसीम अख्तर के खिलाफ राजकार्य में बाधा और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर जिला कांग्रेस में 2 फाड़ हो गए हैं। सचिन पायलट समर्थक कांग्रेसी महेंद्र सिंह रलावता, हेमंत भाटी, विजय जैन सहित अन्य कांग्रेसी नेता पूर्व मंत्री नसीम के पक्ष में आ गए हैं।
नसीम अख्तर के पति कांग्रेस नेता इंसाफ अली ने पायलट समर्थित नेताओं के साथ शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ तौर पर राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौड़ पर जिला कांग्रेस में गुटबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- राठौर साहब कार्यकर्ताओं को एमएलए, एडीए चेयरमैन और अन्य पदों पर पद आसीन करने का झांसा देना बंद करो। यह सब तो आलाकमान का काम होता है, विधायक जनता बनाती है। इंसाफ ने कहा- पूर्व मंत्री नसीम के खिलाफ साजिद पूर्वक मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके पीछे राजनीतिक स्वार्थ स्पष्ट तौर पर नजर आ रहा है।
मुकदमे को झूठा करार देते हुए इंसाफ अली ने कहा कि जिस अधिकारी विजय सिंह चौहान ने मुकदमा कराया है, उसके पार्टी विरोधी आचरण और भ्रष्टाचार गतिविधियों को लेकर पूर्व मंत्री नसीम पिछले 2 साल से मुख्यमंत्री स्तर पर शिकायतें कर रही थी। 2 साल में 9 बार पीएमओ को पत्र लिखे गए। अभी ताजा पत्र में मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि विजय सिंह चौहान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा- निजी स्वार्थ के लिए कुछ लोग संगठन को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने इसके लिए पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौड़ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अजमेर दक्षिण क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत भाटी और उत्तर क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता सहित ऐसे कई कांग्रेसी नेता है। जो अपनी जमीन मजबूत कर रहे हैं। पार्टी और संगठन को मजबूती दे रहे हैं। लेकिन कुछ स्वार्थी नेता अपने स्वार्थ के लिए इन नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवा रहे हैं। पिछले दिनों महेंद्र सिंह रलावता के पुत्र पर भी झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। इसका सीधा सा उद्देश्य है कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया जाए।
इंसाफ अली ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना महंगाई राहत शिविर की सफलता के कारण आमजन में कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ा है। खुद मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ऐसी हालत में भाजपा मानसिकता के अधिकारी महंगाई राहत शिविर की उपेक्षा कर राज्य सरकार की योजना को विफल करने पर उतारू है। पूर्व मंत्री नसीम अख्तर ने इसका विरोध किया था नतीजा उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया गया। इंसाफ अली ने चेतावनी दी है कि नसीम अख्तर की गिरफ्तारी हुई तो पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नसीम और उनके परिजनों के खिलाफ मुकदमा राजनीतिक व्यवस्था के कारण दर्ज किया गया है। कुछ लोग चाहते हैं कि नसीम जेल जाए और उनका भविष्य खराब हो,
नसीम अख्तर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में कश्मीर तक साथ चली है। उनकी इस सक्रियता से प्रतिद्वंदी नेता बौखलाए हुए हैं। यह भी सही है कि कांग्रेस आलाकमान वर्तमान में नसीम अख्तर को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने वाले हैं, शायद यही कारण है कि राजनीतिक व्यवस्था के कारण कुछ नेताओं ने साजिश पूर्वक झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौड़ के भाई सरपंच विष्णु सिंह भाजपा नेताओं के साथ मिलकर पूर्व मंत्री नसीम और उनके परिजनों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं, यह राजनीतिक नैतिकता गिरावट को प्रदर्शित करना करता है।
एडीएम सिटी को मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन
विजय लक्ष्मी पार्क से कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली निकालकर जिला कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। इसके बाद विरोध करते हुए एडीएम सिटी भावनगर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के जरिए मुख्यमंत्री से विकास अधिकारी के खिलाफ जांच करवाने की मांग की है।
नसीम अख्तर नहीं आई, बोलीं-वह डरने वाली नहीं
प्रेस कांफ्रेस में आने व गिरफ्तारी का दावा करने पर नदारद रही नसीम अख्तर से बात की तो उनका कहना रहा कि राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दरसिंह रंधावा का फोन आ गया। इसलिए वे नहीं आई। लेकिन गिरफ्तारी के लिए तैयार है। लेकिन भ्रष्ठाचार के मामले में कार्रवई करने की मांग लगातार करती रहेगी। जो भी मेरी गिरफ्तारी की मांग कर रहे है। वे आगे बढ़कर एसएचओ को फोन भी कर दिया है। गिरफ्तारी के लिए तैयार नहीं, वह डरने वाली नहीं।
यह है मामला...
पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण के विकास अधिकारी विजय सिंह चौहान ने रिपोर्ट देकर बताया कि 13 जून को प्रातः 11 बजे गांधी दर्शन कार्यक्रम जिला स्तरीय गॉधी दर्शन समिति के सयोजक डॉ. श्री गोपाल बाहेती व सहसयोजक शक्ति प्रताप सिंह राठौड के सानिध्य में कार्यक्रम रीट कार्यालय में संचालित हो रहा था। उसमें वे व महावीर सिंह राठौड उपखण्ड अधिकारी अजमेर व धनश्याम सिंह पूर्व सरपंच कडेल संगीता चुतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प.स. अजमेर ग्रामीण सहित लगभग अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति से लगभग 100 लोग उपस्थित थे। उसी समय लगभग 1 बजे इंसाफ अली, नसीम अख्तर, उसका पुत्र अरशद, रफीक, मजीत, मुकेश सिंह राठौड व 15-20 लोग एक राय होकर आए। अचानक सरकारी कार्यक्रम को रोकने के लिए गाली गलोच करते हुए सरकारी स्टेशनरी को बिखेर दिया। गॉधी दर्शन जिला समिति के संयोजक डा. श्री गोपाल बाहेती से गाली गलोच कर धमकी देने लगे व अन्य सभी प्रतिभागियों को गालिया निकालने लगे। उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह व विकास अधिकारी विजय सिंह के साथ धक्का मुकी कर गाली गलोच कर राज कार्य में बाधा कारित की। इन लोगो ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी उपखण्ड स्तर के गॉधी दर्शन कार्यक्रम में अनाधिकृत प्रवेश कर कार्यक्रम को बाधित कर दिया तथा सरकार की योजना व सरकारी कार्मिको को कार्य से रोका व राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। कार्यक्रम में अनाधिकृत प्रवेश कर सरकारी कर्मचारियों व सहभागियों को कार्यक्रम में सहभागिता से बाधित किया। उनको वहां से जाने के लिए बोला फिर भी तो लोग नही गए और कार्यक्रम को रूकवा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।


0 टिप्पणियाँ