कोटा ब्यूरो रिपोर्ट। 

कोटा अदालत परिसर में एक वकील द्वारा युवक युवती की शादी करवाने का मामला सामने आया है। वकील ने कोर्ट परिसर में बाकायदा हवनकुंड लगवाया फिर पंडित को बुलवाकर शादी की रस्में पूरी करवाई। आयोजन की कवरेज के लिए वीडियो ग्राफर को बुलवाकर शूट करवाया। मामला सामने आने के बाद अभिभाषक परिषद ने बैठक आयोजित कर वकील को परिषद से निष्काषित कर दिया। घटना बुधवार दोपहर 1 से 2 बजे के बीच की है।

अभिभाषक परिषद महासचिव गोपाल चौबे ने बताया बुधवार को एडवोकेट मनोज जैन ने केंटीन के पास वकीलों के चेंबर की गैलरी में न्यायलय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला काम किया। मनोज जैन ने गैलरी हवनकुंड लगवाकर एक जोड़े की शादी करवाई। बाकायदा पंडित को बुलवाया ओर वीडियो भी शूट करवाया। गर्मी के दिनों में सुबह की कोर्ट है। ज्यादातर वकील 1 बजे तक घर चले जाते है। कुछ वकील अपने काम से कोर्ट में रुक जाते है।घटना के वक्त मौजूद वकीलों ने मनोज जैन को टोका। मनोज जैन ने उनसे अभद्रता की। किसी वकील ने एक छोटा सा वीडियो बना लिया। मामला संज्ञान में आने के बाद अभिभाषक परिषद की बैठक की गई। गुरुवार को वकील मनोज जैन को परिषद की सदस्यता से निष्काषित किया।

अभिभाषक परिषद अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने कहा कि बुधवार दोपहर को कोर्ट परिसर खाली था। मनोज जैन ने वकीलों के बैठने के लिए बने चेंबर की गैलरी में हवन लगाकर पंडित से मंत्रोचार करवाकर युवक युवती की शादी करवाई। मनोज जैन को परिषद से निष्काषित किया है। उन्हें संविदा पर मिलने वाले लाभ से वंचित किया। मनोज जैन की शिकायत राजस्थान बार कौंसिल में भी की जाएगी।


बता दें एडवोकेट मनोज जैन ने गुरुवार को एमबीएस हॉस्पिटल के नए ओपीडी ब्लॉक में भी हंगामा किया था। मनोज जैन अपने बेटे को दिखाने हॉस्पिटल आए थे। व्हील चेयर नहीं मिलने पर बेटे को इलेक्ट्रिक स्कूटी पर बैठाकर लिफ्ट से दूसरे माले पर ऑर्थोपेडिक ओपीडी में चले गए थे। जिसका हॉस्पिटल में मौजूद कार्मिकों ने विरोध जताया था। देर तक हंगामा चला था।