जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

शहर में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन सीता ज्योतिष केंद्र की ओर से शुक्रवार को शुरू हुआ। सम्मेलन में देश और विदेश से ज्योतिष जगत के 121 लोग हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ हेमलता राजे, राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस मनोज कुमार गर्ग सहित गलता तीर्थ प्रचार पीठ के पीठाधीश्वर सौरभ राघवेंद्र, डाॅ. एचएस रावत, वेद विद्यालय वृंदावन के प्राचार्य अतुल कृष्ण कौशिक व अमेरिका से आई डाॅ. अनिता कपूर की उपस्थिति में किया गया। शनिवार को चंडू जयंती मनाई जाएगी।

इसमें शहर के लोगों को ज्योतिष का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक लोग अपनी जन्म कुंडली भी निःशुल्क दिखा सकेंगे। प्रथम सत्र में चर्चा करते हुए हाईकोर्ट जस्टिस मनोज कुमार गर्ग ने ज्योतिष जगत का महत्व बताया। पूर्व महारानी हेमलता राजे ने कहा कि इस विद्या को ज्योतिषी अपने बच्चों को भी सिखाए। का हमारे भारत में सबसे पहले दुनिया में जीरो की खोज की।

दूसरे सत्र में ज्योतिष जगत के लोगों ने भारत के भविष्य पर चर्चा की। इसमें डाॅ. एचएस रावत ने आगामी वर्षों में देश के भविष्य को लेकर बताया। कोविड के बाद देश का भविष्य सुरक्षित है। आने वाले वर्षों में देश में अब इस तरह की महामारी नहीं आएगी। इसके साथ ही बच्चों को संस्कारों का पाठ पढ़ाने, मंदिरों से जोड़ने पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में अमेरिका से आई टेरो कार्ड रीडर अनीता कपूर ने कहा वहां के लोग भी ज्योतिष विद्या में विश्वास करते हैं। उनके पास आने वाले लोगों की शंका और समस्या का समाधान करने की वो कोशिश करती है। कार्यक्रम के दौरान एचएस रावत और नीरजा त्रिपाठी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड भी दिया गया। ज्योतिष जगत के लोगों ने सम्मेलन में चर्चा करते हुए कई मुद्दों पर बात की। बताया कि जिस प्रकार से टेक्नोलॉजी का विज्ञान है उसी प्रकार से हमारा शरीर भी ग्रहों से जुड़ा हुआ है। मोबाइल में जिस प्रकार से सिग्नल के माध्यम से बात होती है। उसी प्रकार से ग्रहों के भी सिग्नल होते है। उसी आधार पर आकलन किया जाता है।