भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने शुक्रवार को भरतपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल से लोकतंत्र को बचाकर रखा है। इंदिरा गांधी ने जान दे दी लेकिन खालिस्तान नहीं बनने दिया। मुख्यमंत्री ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) को लेकर कहा कि आपने बीजेपी के 25 सांसद जिताए, उनमें एक पानी का मंत्री भी है, लेकिन ERCP को ये 25 वकील राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं दिला पाए।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 6 महीने में यह छठा दौरा है। भरतपुर के कुम्हेर इलाके के सैंत गांव में उन्होंने महंगाई राहत शिविर का दौरा किया और जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य है और यहां पानी की उपलब्धता सिर्फ 1 परसेंट है। फिर भी हमने शिक्षा में कोई कमी नहीं रखी। जब मैं पहली बार सीएम बना तो प्रदेश में 6 यूनिवर्सिटी थी, अब 96 हैं। अब स्कूलें खुल गई, प्राइमरी, मिडिल व सीनियर सेकेंडरी स्कूल खुली हैं। इंग्लिश स्कूलें खोली गई हैं, जिसमें 3 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं।

बच्चे विदेश जाएंगे तो कुछ बन जाएंगे

उन्होंने कहा- मैं महंगाई राहत कैंप गया, वहां बच्चियां इंग्लिश में बोल रही थीं, राजस्थान के बच्चे फर्राटेदार इंग्लिश बोलेंगे तो देश दुनिया में भरतपुर का नाम होगा, उनका भविष्य सुधरेगा। सीएम ने कहा कि स्कीम के तहत 500 बच्चों को विदेश भेज रहा हूं। महाराजा गायकवाड़ ने अंबेडकर को पढ़ने विदेश भेजा था, ये बच्चे जो विदेश जाएंगे कुछ बनकर आएंगे। अनुप्रति योजना में गरीब के बच्चों को कोचिंग दी जा रही है, 30 हजार बच्चे कोचिंग कर रहे हैं। यह क्रांतिकारी कदम है।

उन्होंने कहा कि सरकार एकल नारी, बुजुर्ग, दिव्यांगों सबको पेंशन दे रही है, सोशल सिक्योरिटी का कानून बनाया है, पीएम से रिक्वेस्ट की है कि इस योजना को देशभर में लागू करें। ताकि अभाव ग्रस्त मजदूर बुढापे में जीवन यापन कर सके। सरकार की जिम्मेदारी है कि हम गरीबों को साप्ताहिक पाक्षिक पैसा दें। ताकि बुढ़ापे में लोग परिवार पाल सकें। सोशल सिक्योरिटी का कानून बनना चाहिए।

जनता माईबाप है, जानती है किसे सत्ता सौंपनी है

कांग्रेस ने नरेगा, दो रुपए किलो गेहूं, राइट टू हेल्थ आदि स्कीमें दी हैं। चुनाव में क्या होगा यह माईबाप जनता है, किस पार्टी को सत्ता सौंपनी है, यह जनता का काम है। कांग्रेस ने लोकतंत्र को 70 साल में बचाया है, इसीलिए एमपी,एमएलए सरपंच सब जनता के सामने हाथ जोड़ते हैं। ये कांग्रेस की देन है। इंदिरा गांधी ने खालिस्तान नहीं बनने दिया।

उन्होंने कहा- भरतपुर तक चंबल का पानी आया है, हर घर तक नल का जल भी पहुंचेगा। किसी भी सीएम ने भरतपुर के इतने दौरे नही किए जितने मैंने किये हैं। भरतपुर से 4 मंत्री, दो विधायकों को मंत्री का दर्जा दिया। यह पहली बार है जब भरतपुर के सभी विधायकों के पास मंत्री पद हैं।

मिशन 156 तब कामयाब होगा जब भरतपुर की सभी सीटें जीतेंगे

इस बार मिशन 156 तभी कामयबा होगा जब भरतपुर संभाग की सभी सीटें कांग्रेस जीतेगी। पिछले साल 15 सितंबर को आया था तो डीग को जिला बनाने की मांग की थी, आपकी मांग पूरी कर दी है। 19 जिलों में सबसे पहले डीग-कुम्हेर जिले के लॉन्चिंग होने जा रही है।

विश्वेंद्र सिंह को कामरेड राजा कहता हूं

उन्होंने कहा कि आज कामरेड राजा विश्वेंद्र सिंह का बर्थडे है, मैं उन्हें बधाई देता हूं। मैं उन्हें कामरेड राजा कहता हूं। वे 61 साल के हैं लेकिन 21 साल के युवा की तरह भागदौड़ करते हैं, क्षेत्रीय जनता के लिए संघर्ष करते हैं। गरीबों के मसीहा हैं इन्हें कामरेड राजा कहता हूं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने भरतपुर को बहुत कुछ दिया है। नया जिला बनाया है। दो नए उपखंड, 6 तहसीलें, 6 उपतहसीलें, 2 नगर पालिकाएं बनी हैं। 250 करोड़ की लागत से 22 पीएसची, 2 उपजिला अस्पताल, 150 करोड़ की लागत से आरबीएम में नया ब्लॉक बनाया जा रहा है जिसका अगले महीने उद्घाटन हो जाएगा। इसके अलावा 119 इंग्लिश मीडिया स्कूल खुले हैं जिनमें 30 हजार बच्चे पढ़ रहे हैं। यहां 21 नए कॉलेज साढ़े चार साल के अंदर खुले हैं। 1000 करोड़ की लागत से सड़क, अंडर पास, पुल बने हैं। 5 करोड से ब्रज चौरासी कोस, विश्राम स्थल विकसित किया जा रहा है।

ईआरसीपी पर केंद्र सरकार को घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट पर पीएम अभी तक नहीं कर पाए हैं। मोदी जी वादा निभाएं, यह राष्ट्रीय परियोजना घोषित होनी चाहिए। आप सब लोग दबाव बनाएंगे तो ईआरसीपी को लागू करना पड़ेगा। बीजेपी के 25 सांसद हैं। एक जल मंत्री हैं। सभी 25 सांसद साथ खड़े हो जाएं तो क्या पीएम परियोजना लागू नहीं करेंगे। हमारे 25 वकील कमजोर साबित हो रहे हैं। सभी 25 हारें तो अक्ल आएगी। ये 25 वकील पैरवी नहीं कर पा रहे हैं। लोकसभा से पहले विधानसभा चुनाव आएगा, तब इन्हें सबक सिखाओ।

मुख्यमंत्री ने कहा- केंद्र सरकार अग्निवीर योजना लेकर आई है। जिसमें 18 साल में भर्ती होगी और 22 साल में युवा घर बैठ जाएंगे। 22 साल के लाखों बच्चे क्या करेंगे, इससे असंतोष पैदा होगा, यह केंद्र सरकार खतरनाक खेल खेल रही है, जो समझ से परे है।

गुर्जर समाज को आरक्षण दिया, लाठी तक नहीं चली

सीएम ने कहा कि इनके समय में गुर्जर आंदोलन हुआ गुर्जर मारे गए। मैंने गुर्जर समाज को आरक्षण दिया। गोली चलने की बात तो छोड़े एक आदमी नहीं मरा, लाठीचार्ज तक नहीं हुआ, कोई गुर्जरों को भड़का रहा है। लेकिन समाज जानता है कि किस सरकार ने गुर्जर समाज का भला किया।

मुख्यमंत्री ने ओपीसी को लेकर कहा कि यह ऐतिहासिक काम किया है। केंद्र सरकार इसे लागू करे। हमने मानवीय दृष्टि से इसे किया है। सरकारी कर्मचारी पेंशन के भरोसे सिक्योर रहता है, सरकारी कर्मचारी भी उत्साह से काम कर रहे हैं। लोगों से बात करता हूं तो आंखों में आंसू आ जाते हैं राहत कैंप में ऐसा नजारा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कुम्हेर विधानसभा के गांव सैंत गांव पहुंचकर महंगाई राहत शिविर का अवलोकन किया। सीएम गहलोत ने लोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री सुभाष गर्ग और कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह भी रहे। आज कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह का जन्मदिन भी है। शिविर का अवलोकन करने के बाद जन सभा में शामिल हुए।

मंच पर ये मौजूद

सैंत गांव में जनसभा के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह, मंत्री सुभाष गर्ग, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा, मंत्री रमेश मीणा, विधायक वाजिब अली, विधायक जोगिंदर सिंह अवाना मौजूद हैं।

जनसभा में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- बीजेपी कभी 2 हजार का नोट बंद करती है कभी शुरू करती है। यह पार्टी किसान विरोधी काम करती है। जबकि कांग्रेस सरकार किसान के हित में काम करती है।

उन्होंने कहा- यूपी में युवाओं को जितनी नौकरियां मिली हैं उससे 10 गुना कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में युवाओं को नौकरियां दी है, बीजेपी धर्म के नाम पर वोट लेना चाहती है। बीजेपी ने कहा था 1 लाख कार्यकर्ता सचिवालय का घेराव करेंगे, लेकिन 15 सौ से ज्यादा लोग नहीं पहुंचे, राजेन्द्र राठौड़ ने लोगों को बुलाने के लिए कसम दिलाई, बीजेपी कहती है कि, हमारा चेहरा मोदी और कमल का फूल होगा, लेकिन अब कमल कहाँ छोड़ा, मोदी ने कोई काम नहीं किया। मनमोहन सिंह के यूपीए सरकार जितनी आमदनी छोड़कर गई थी अब बीजेपी ने वह भी नहीं छोड़ी, राहुल गांधी ने बिहार से एलान किया है सभी स्टेट में बीजेपी का सूपड़ा साफ होगा। बीजेपी के नेता और मोदी भ्रम फैलाने का काम करते हैं, केंद्र की एजेंसी से कोई भी जांच करवा लो कांग्रेस पाकसाफ निकलेगी।

मंत्री सुभाष गर्ग ने इस दौरान राजस्थान में इलेक्शन को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एंटी इंकम्बेंसी नहीं है। कांग्रेस सरकार रिपीट होगी।

पिछले 6 महीनों में यह सीएम का छठा दौरा है। कलेक्टर लोकबंधु और एसपी मृदुल कच्छावा भी सभा स्थल पर मौजूद रहे।

पुलिस प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए। सभा स्थल पर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की व्यवस्था रही। इससे पहले मुख्यमंत्री भरतपुर, उच्चैन, घाटमीका, सीकरी आ चुके हैं।