करौली ब्यूरो रिपोर्ट। 

हिण्डौन के सूरौठ थाना क्षेत्र के पाली में युवक अजयपाल हत्याकांड मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 17 दिन पुराने हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से हत्या के कारणों को लेकर पुलिस अभी पूछताछ कर रही है। इस मामले में गांव के ही 14 लोगो के खिलाफ सूरौठ थाने में हत्या का मामला दर्ज है। डीएसपी किशोरीलाल ने बताया पाली निवासी युवक अजयपाल जाट की हत्या के मामले में पाली निवासी रमेश जाट,लक्ष्मण व महेश जाट को गिरफ्तार किया है।

जबकि फरार चल रहे आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया हत्या के मामले में मृतक के भाई आशाराम की ओर से नामजद रिपोर्ट दी गई थी। घटना पाली गांव में 28 मई को हुई थी। मामला दर्ज होने पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर डीएसपी किशोरीलाल के सुपर विजन में प्रशिक्षु आरपीएस अशोक जोशी व एसएचओ कैलाश बैरवा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।

उन्होंने बताया गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद हत्या के मामले में आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लिया गया। फिलहाल पूछताछ में दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर रंजिश पाया गया है। रंजिश को लेकर दोनों ही पक्षों के बीच कई बार फायरिंग की घटना हो चुकी है।सूरौठ थाने में मामला भी दर्ज है।