भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस का फोकस ऐसी विधानसभा सीटों पर है, जिसमें कांग्रेस की स्थिति कमजोर है। इसलिए सीएम गहलोत 15 जून को भरतपुर जिले के नगर विधानसभा के सीकरी कस्बे में पहुंचेंगे।
वे यहां एक किसान सभा को संबोधित करेंगे। सीएम गहलोत महंगाई राहत शिविर का जायजा भी लेंगे। साल 2003 के बाद से कभी कांग्रेस नगर विधानसभा को नहीं जीत पाई। साल 2018 में नगर विधानसभा से वाजिब अली BSP की टिकट से मैदान में उतरे और जीतने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए।
साल 2008 में बीजेपी की टिकट से अनीता सिंह ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस के अतर सिंह भड़ाना दूसरे स्थान पर रहे। साल 2013 में बीजेपी की फिर से अनीता सिंह जीतीं, जिसमें कांग्रेस से मैदान में उतरे बृजेंद्र सिंह सूपा छठे स्थान पर रहे। साल 2018 में विधायक वाजिव अली ने जीत हांसिल की और कांग्रेस प्रत्याशी मुरारी लाल गुर्जर 4 नंबर पर रहे। नगर विधानसभा में कांग्रेस पार्टी को काफी कमजोर माना जाता है। इसलिए कांग्रेस पार्टी कमजोर विधानसभा सीटों पर फोकस कर रही है।
मौसम के मिजाज को देखते हुए सीएम की सभा के लिए हेलिपैड पर वाटरप्रूफ सेफ हाउस बनाया गया है। सीएम के आने की तैयारियों को लेकर कलेक्टर लोकबंधु ने सभा स्थल का जायजा लिया। इसके अलावा सीएम के कार्यक्रम के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए पहाड़ी और गुलपाड़ा में पार्किंग व्यवस्था की गई है।


0 टिप्पणियाँ