जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर खुशी जाहिर की है। जोधपुर में शनिवार को बिलाड़ा इलाके के हरियाढाणा गांव में महंगाई राहत कैंप में पहुंचे गहलोत ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा को जवाब दिया है।

जनता ने जवाब दिया

गहलोत ने कहा- राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में जो बयान दिया, उसे मुद्दा बनाकर गुजरात के सूरत में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसी के चलते उनकी सांसदी चली गई। उन्हें बोलने नहीं दिया गया। यह एक साजिश थी, जिसे जनता समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत पहले स्टे लगाया गया, फिर हटाया गया और सुनवाई हुई। राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं दिया गया। उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया। कर्नाटक की जनता ने भाजपा को इन सभी बातों का जवाब दिया है।

भारत जोड़ो यात्रा से ही हो गया था साफ

कर्नाटक के परिणाम को लेकर सीएम ने कहा- मुझे जैसी उम्मीद थी, वैसा परिणाम आया है। मैं भी दो-तीन बार कर्नाटक गया था। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ा था। इससे साफ हो गया था कि परिणाम क्या रहेगा। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और डीके शिवकुमार की मेहनत रंग लाई। कांग्रेस के तमाम लोगों ने साथ दिया।

बजरंग बली को लेकर दिया यह बयान

मुख्यमंत्री ने कहा- बजरंगबली का भक्त क्या वही है जो बीजेपी को वोट देता है। भाजपा को वोट नहीं देने वाला क्या बजरंग बली का भक्त नहीं हो सकता। कर्नाटक की जनता ने साफ कर दिया है कि हनुमान सबके हैं।

जिस तरीके से भाजपा के लोग सरकार गिरा रहे हैं, कर्नाटक की जनता समझ गई है। कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश में सरकार गिराने की साजिश हुई। राजस्थान में इनकी दाल नहीं गली। वरना राजस्थान में भी सरकार गिराने में इन्होंने कोई कमी नहीं रखी थी। हमने सरकार गिरने नहीं दी।

अब जो यह कर्नाटक के परिणाम आए हैं, जनता इनके हथकंडे समझ चुकी है। जनता जान चुकी है कि चुनी हुई सरकार को हॉर्स ट्रेडिंग कर, खरीद-फ़रोख़्त कर गिरा रहे हैं तो फिर लोकतंत्र कहां रहेगा। लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा। ऐसे तो देश के लोग यह कभी सहन नही करेंगे।

बिजली बिल होंगे जीरो

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महंगाई राहत कैंप में कहा- इन कैंप में मिल रही राहत से आम आदमी को आर्थिक संबल मिलेगा। उनकी बचत बढ़ेगी। राज्य सरकार ने आमलोगों के विकास के लिए धरातल पर रिसर्च किया। तब जाकर इस तरह की योजनाओं को लॉन्च किया गया। सभी योजनाएं धरातल पर साकार हो रही हैं और आमजन को इनसे तत्काल राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख रुपए तक के फ्री इलाज का प्रावधान करने के साथ स्वास्थ्य का अधिकार कानून भी लागू किया है। देश में कहीं भी ऐसा प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि 100 यूनिट तक फ्री बिजली की योजना से 1.04 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं के और 2000 यूनिट फ्री बिजली से 14 लाख से अधिक किसानों के बिजली बिल जीरो आएंगे।

मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड सौंपा

मुख्यमंत्री ने महंगाई राहत कैम्प और प्रशासन गांवों के संग अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने राजीविका की स्टॉल पर महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी लेकर प्रशंसा की। साथ ही, लाभार्थियों से संवाद करते हुए लाभार्थी उषा देवी को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड सौंपा। गहलोत ने दिव्यांगजनों को स्कूटियां भी वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने दी सौगात

मुख्यमंत्री ने हरियाढाणा और साथीन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, हरियाढाणा के उच्च प्राथमिक स्कूल को उच्च माध्यमिक स्कूल में क्रमोन्नत करने तथा जालेली फौजदार में जल परियोजना के लिए 23 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा भी की।

लाभार्थियों को वितरित किए चेक

मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को 4 करोड़ रुपए से अधिक राशि के चेक वितरित किए। इसमें राजीविका के अंतर्गत 180 स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न बैंकों द्वारा स्वीकृत 4.11 करोड़ रुपए ऋण राशि के चेक सौंपे। साथ ही, मुख्यमंत्री कन्यादान हथलेवा योजना में सहायता राशि के चेक वितरित किए।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, राज्य पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी, राज्य मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रमेश बोराणा, बिलाड़ा विधायक हीराराम मेघवाल, लोहावट विधायक किसना राम बिश्नोई, जोधपुर शहर विधायक मनीषा पंवार, महापौर कुन्ती देवड़ा परिहार, पूर्व केन्द्रीय मंत्री भंवर जितेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।