सवाई माधोपुर - हेमेंद्र शर्मा
सवाई माधोपुर जिले के बाटोदा थाना परिसर में आज जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ओला ने बैठक में बाटोदा थाना क्षेत्र के सदस्यों से कानून व्यवस्था के अतिरिक्त प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए समस्याएं सुनी। इस दौरान सूरगढ़, फुलवाड़ा व बिंजारी गांव से आए सदस्यों ने अवैध रूप से संचालित हो रहे शराब ठेके हटवाने व मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। सुरक्षा सखियों ने राजीविका कार्यालय के लिए निःशुल्क भवन की मांग की। इसके अलावा सदस्यों ने शाम के समय हो रही बिजली कटौती के बारे में जिला कलक्टर का अवगत कराया।
जिला कलक्टर ने समस्याएं सुनने के बाद उपस्थित सदस्यों को कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में होने वाली हर गतिविधियों पर पूर्ण निगरानी रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में वे सीधा उन्हें या एसपी को बता सकते हैं। 24 अप्रैल से आयोजित होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान में अधिकाधिक कार्यों का मौके पर ही समाधान करवाने के लिए लोगों को अवगत करवाया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने कहा कि पुलिस का काम अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास कायम करने का है। किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी किसी भी समय थाने आकर बिना डरे बता सकते हैं। इसके अलावा त्यौहारों व किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में शांति और सौहार्द्र की भावना बनाए रखें। सदस्यों ने आठ दिन पहले हरिपुरा गांव में एक बालक की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा तीव्रता से खुलासा करने पर थानाधिकारी रामकेश मीणा सहित पुलिस विभाग के काम की सराहना करते हुए कलक्टर, एसपी, डीएसपी, थानाधिकारी का स्वागत किया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक तेज कुमार पाठक, तहसीलदार बृजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ