जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी शनिवार को जोधपुर पहुंचे। इस दौरान किसानों की टोल माफी के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार हमेशा किसानों के साथ रही है। प्रदेश में पूर्व की भाजपा सरकार ने स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स माफ कर दिया था।

उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत की सरकार बनने के बाद स्टेट हाईवे टोल टैक्स वापस चालू कर दिया गया। भाजपा की सरकार बनने पर इस पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री से जब यह पूछा गया कि क्या केंद्रीय मंत्रालय के अधीन आने वाले नेशनल हाईवे पर भी किसानों का टोल माफ किया जाएगा? इस सवाल का जवाब कृषि मंत्री टाल गए। उन्होंने कहा सरकार किसानों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। आज किसानों के लिए किसान सम्मान निधि लागू की गई। स्टार्टअप के तौर युवाओं के लिए कई स्कीम लॉन्च की गई है।

उन्होंने कहा केंद्र सरकार किसानों की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रही है। कई योजनाएं किसानों के हित में बनाई गई हैं। आज 2023 के साल को मिलिटियस के तौर पर मनाया जा रहा है। ऐसे में यहां के किसानों के मोटे अनाज को भी विश्व स्तर तक प्रोत्साहन मिलेगा। बारिश से हुए फसलों के नुकसान पर कहा किसानों के लिए स्टेट डिजास्टर फंड भारत सरकार ने पहले ही राज्य सरकार को दे रखा है। पूरे देश के सभी राज्य सरकारों के पास में इस फंड से मुआवजा दिया जाता है। यदि सरकार लिख कर देगी तो हम और भी राशि देने को तैयार हैं। पहले सरकार गिरदावरी कराकर किसानों को मुआवजा दे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा पीएम नरेंद्र मोदी देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं। राहुल गांधी विदेश में जाकर भारतीय छवि और भारतीय लोकतंत्र को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। यही फर्क है संस्कारों का। लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस आज सदन को नहीं चलने दे रही है। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी के जोधपुर पहुंचने पर सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष देवेंद्र सालेचा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया।