श्रीगंगानगर - राकेश शर्मा
शुक्रवार शाम को गगन पथ पर स्थित अरोडवंश पब्लिक स्कूल प्रांगण में रंगली वैशाखी कार्यक्रम की धूम रहेगी। राजस्थान प्रदेश पंजाबी महासभा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अनेक गायक कलाकार पंजाबी सभ्यचारक प्रस्तुतियों से रंग जमाएंगे। पंजाबी महासभा की श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिला इकाइयों के अध्यक्ष वीरेंद्र राजपाल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। अरोडवंश पब्लिक स्कूल प्रांगण में स्टेज की शानदार सजावट की जा रही है। शुक्रवार शाम 5:00 बजे पंजाबी संस्कृति से ओतप्रोत यह कार्यक्रम आरंभ होगा।इसमें जहां पंजाबी गीतों की रंगली सोंधी खुशबू कलाकार बिखेरेंगे, वहीं गिद्धा और भंगड़ा की भी धूम रहेगी।
मुख्य अतिथि राजस्थान पंजाबी भाषा अकादमी के पूर्व अध्यक्ष रवि सेतिया होंगे। कार्यक्रम में सिख वर्ल्ड म्यूजिक एकेडमी श्रीगंगानगर के गायक कलाकार सिमरजीतसिंह, प्रसिद्ध गायक कलाकार पाली सरां चंडीगढ़, गायक कलाकार क्रांति मान मोहाली, पंजाबी गायकी का जाना माना नाम निम्मा राजस्थानी, हाल ही पीटीसी पंजाबी द्वारा आयोजित कंपटीशन वॉयस ऑफ पंजाब लिटिल चैंप्स के फाइनलिस्ट गायक अमन कंबोज, गगन सुरभि, जस ग्रेवाल,दीप तिमकोटिया, सुप्रसिद्ध भंगड़ा ग्रुप सज्जन मलवाई, सबके जाने पहचाने कोरियोग्राफर कमल मक्कड़,गायक कलाकार सुरेंद्र चंचल प्रियंका, देवेंद्र मान, सिम्मू धालीवाल तथा लविश चुघ गायकी से लोगों का मनोरंजन करेंगे। ताल म्यूजिक ग्रुप श्रीगंगानगर की प्रस्तुतियां अलग आकर्षण का केंद्र होंगी। जस्मिन गिल कार्यक्रम की एंकरिंग करेंगी।कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन गायक कलाकार सिमरजीत सिंह ने बताया कि सभी कलाकार मंझे हुए हैं और एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देंगे।लगभग 3 घंटे के इस कार्यक्रम का जिला अध्यक्ष वीरेंद्र राजपाल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लुत्फ उठाने का आग्रह किया है। कार्यक्रम पारिवारिक माहौल में होगा। कार्यक्रम में सभी लोग आमंत्रित हैं।कार्यक्रम में आने वाले सभी महानुभावों को लाटरी से चांदी के सिक्के दिए जाएंगे। उपाध्यक्ष अजय मेहता एडवोकेट और संगठन सचिव नरेश सेतिया ने बताया कि पिछले एक महीने से इस कार्यक्रम की जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं। सभी गायक कलाकारों ने जमकर रिहर्सल की है। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करना भी है। पंजाबी महासभा के महिला विंग की जिलाध्यक्ष श्रीमती वीना राजपाल ने बताया कि कार्यक्रम के लिए महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

0 टिप्पणियाँ