जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

भाजपा में दूर-दूर तक अंतर्कलह नहीं है। अगर मुख्यमंत्री के दावेदार ज्यादा है तो इसमें बुराई क्या हैं? हमारे पास जनाधार वाले लोकप्रिय नेता हैं तो हमें खुशी है, लेकिन वहां (कांग्रेस) तो मुख्यमंत्री के दावेदारों को नाकारा और निकम्मा कर कर भगा देते हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जोधपुर पहुंचे सांसद सीपी जोशी ने सोमवार को एयरपोर्ट पर पत्रकारों के पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही। संजीवनी के मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लगातार केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत के खिलाफ बयानबाजी करने के सवाल के जवाब में सीपी जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के मुखिया है, उन्हें पार्टी नहीं बनना चाहिए।

जो भी निर्णय होगा, न्यायालय करेगा। चुनाव में जो होना था, हो गया। उसका बदला लेने से अच्छा है, उसे भूल जाना चाहिए मुख्यमंत्री को। उन्हें इस प्रकार पार्टी नहीं बनाना चाहिए। कांग्रेस की स्थिति के बारे में जोशी ने कहा कि वे अंतर आत्मा में जानते हैं कि हालात क्या हैं। उनके मंत्री व विधायक कह रहे हैं कि जो वादे कर सरकार में आए, उन्हें पूरा नहीं कर पाए।

अब जनता के बीच कैसे जाएं? मुख्यमंत्री के सलाहकार भी यही बात कह रहे हैं। उनके परिवार के लोग यह मान रहे हैं तो अंदाजा लगा सकते हैं कि कांग्रेस की हालत क्या होने वाली है। जोशी ने आरोप लगाया कि इस सरकार ने साढ़े चार साल में वादाखिलाफी की, तुष्टिकरण किया। सिर्फ थोथी घोषणाएं हुई, धरातल पर कुछ भी नहीं हुए।

जनता के मन में आक्रोश है। किसी बहन-बेटी पर रोजाना अत्याचार-दुराचार होता है, युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ होता है। किसानों को ठगा जाता है। गिरदावरी नहीं होती है। इन सभी मुद्दों पर जनता में आक्रोश है।