जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

जयपुर डिस्कॉम की ओर से अब ग्रामीण इलाकों में शाम 6 से 12 के बीच करीब डेढ़ घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। इसके आदेश मिलने के बाद रविवार से झालावाड़ जिले में भी कटौती शुरू हो गई है। फिलहाल सुबह के समय शहरी क्षेत्र में 7:30 से 8:30 बजे तक 1 घंटे की बिजली कटौती लंबे समय से चली आ रही है।

जयपुर डिस्कॉम एसई रामखिलाड़ी मीणा ने बताया कि प्रदेश में बिजली उत्पादन बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 1.30 से 2 घंटे तक की बिजली कटौती होगी। बिजली आपूर्ति सुचारू होने पर बिजली कटौती बंद कर दी जाएगी। डिस्कॉम अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 14 अप्रैल से अचानक बिजली संकट खड़ा होने से प्रदेश की 23 इकाइयों में से 7 में बिजली उत्पादन बंद हो गया है। इसमें से 4 कोल आधारित पावर प्लांट में बिजली उत्पादन बंद है। इसका असर यह हुआ कि प्रदेश को मिलने वाली 2080 मेगावाट यूनिट बिजली उत्पादन नहीं हो पाया है। इसके कारण बिजली कटौती ग्रामीण इलाकों में की जा रही है।

बिजली कटौती से भीषण गर्मी में परेशानी
एक और जहां गर्मी शुरू होते ही बिजली की खपत बढ़ जाती है। इसके कारण पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से पहले से ही आमजन परेशान है। वहीं, भीषण गर्मी में बिजली कटौती आमजन को भारी पड़ेगी। फिलहाल सुबह के समय शहरी क्षेत्र में 7:30 से 8:30 बजे तक 1 घंटे की बिजली कटौती लंबे समय से चली आ रही है।