सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।  

सीकर के सांवली रोड पर मेडिकल कॉलेज में मंगलवार से दो दिवसीय शेखावाटी यूथ फेस्टिवल की शुरुआत हो चुकी है। शुभारंभ कार्यक्रम में सीकर विधायक राजेंद्र पारीक,नगर परिषद सभापति जीवण खां, सीकर जिला कलेक्टर डॉ अमित यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान युवा बोर्ड अध्यक्ष सीताराम लांबा ने कहा कि राजस्थान में युवाओं के विकास के लिए इस इवेंट का आयोजन किया गया है। जहां 2 दिन में जयपुर संभाग के पांचों जिलों के हजारों युवा अलग-अलग तरह के कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेंगे।

लांबा ने कहा कि इस इवेंट के टॉप 100 से 150 युवाओं को इसी महीने के अंत तक राजस्थान युवा बोर्ड इंडिया के कई टूरिज्म प्लेस पर लेकर जाएगा। लांबा ने कहा कि पूरे विश्व में केवल इंडिया ही एक ऐसा देश है जिसे यूथ कंट्री के नाम से जाना जाता है। युवा जिस दिशा की तरफ चलेगा जमाना भी उसी तरफ दौड़ेगा। लांबा ने कहा कि अब जल्द ही हल्दीघाटी, हाड़ौती इवेंट्स भी होंगे। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर भी ऐसे कार्यक्रम होंगे और स्टेट लेवल पर भी एक ऐसा बड़ा इवेंट आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सीकर के महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल स्टूडेंट्स ने राजस्थानी गीतों पर परफॉर्म किया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता गिठाला, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल शिवरतन कोचर, राज्य बाल कल्याण आयोग सदस्य शिवभगवान नागा, पिपराली पंचायत समिति की प्रधान मनभरी देवी, विवेकानंद नवयुवक मंडल के अध्यक्ष सुनील सैनी, शंकर सैनी, ओमप्रकाश गुर्जर, गोविंद सैनी, अंकित कुमावत, प्रमोद सैनी,भोलाराम कुमावत मौजूद रहे।

गौरतलब है कि 2 दिन चलने वाले इस महोत्सव में ग्रुप सिंगिंग, ग्रुप डांसिंग सहित टोटल 20 कॉम्पिटिशन होंगे। आज शाम को इवेंट में 7 बजे से म्यूजिकल नाइट होगी। जिसमें सिंगर मामे खान, शहनाज फोगा, एसम अली परफॉर्म करेंगे। बुधवार शाम को कार्यक्रम का समापन होगा।