जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

BJP ने राजेंद्र राठौड़ को अपना नेता प्रतिपक्ष बना दिया है। रविवार को बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों की BJP मुख्यालय में बैठक के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे इसकी घोषणा की गई। सतीश पूनिया को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया। राजेंद्र राठौड़ ने कहा- मेरे जैसे जमीनी कार्यकर्ता को आज भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस दौरान वसुंधरा राजे, सतीश पूनिया और गजेंद्र सिंह शेखावत समेत पार्टी के बड़े नेता मौजूद रहे।

इससे पहले विधायक दल की बैठक के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल नाराज होकर चले गए। हालांकि वरिष्ठ नेताओं के समझाने के बाद वे लौट आए। इधर, चूरू से आए राजेंद्र राठौड़ के समर्थकों ने प्रदेश भाजपा कार्यालय पर जमकर नारेबाजी भी की।

अब देर शाम बीजेपी राजस्थान कोर कमेटी की बैठक होगी। इसमें राजस्थान बीजेपी के प्रभारी अरुण सिंह और सह प्रभारी विजया रहाटकर भी मौजूद रहेंगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और चौमूं विधायक रामलाल शर्मा ने कहा- पार्टी हाईकमान और विधायक स्तर पर नेता प्रतिपक्ष को लेकर निर्णय हो चुका है। इसके साथ ही आने वाले चुनाव में कांग्रेस को किस तरह हराना है, इस पर भी चिंतन और मनन किया जाएगा।

शुक्रवार को बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम और जयपुर प्रांत के प्रचारक बाबूलाल की सेवा भारती भवन में बैठक हुई थी। इसमें राजस्थान में होने वाले संगठनात्मक बदलाव के साथ ही नेता प्रतिपक्ष को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने दो दिन में नया नेता प्रतिपक्ष बनने का दावा किया था।

इससे पहले शुक्रवार रात बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष चंद्र प्रकाश (सीपी) जोशी ने एक ट्वीट किया था। इसमें राजेंद्र राठौड़ को नेता प्रतिपक्ष बता दिया था। हालांकि कुछ ही देर बाद ट्वीट डिलीट कर दिया था। इस ट्वीट से सियासी हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई थी।

बता दें कि बीजेपी ने 12 फरवरी को नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल बना दिया था। इसके बाद से ही राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष का पद खाली चल रहा था।