जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

बैसाखी के मौके पर सीएम गहलोत ने सिख समाज को तोहफा देते हुए श्री गुरु नानक देव सिख कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दे दी है।  अल्पसंख्यक मामलात विभाग ने इस सम्बन्ध में अधिसूचना जारी कर दी।  सिख समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए कार्य करेगा। बोर्ड इस दिशा में सुझाव तैयार कर राज्य सरकार को भेजेगा। इसके साथ ही पहले से चल रही योजनाओं के बेहतर क्रियान्वन पर भी सरकार को सुझाव देगा। अधिसूचना के अनुसार बोर्ड सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक भागीदारी, समाज के लिए नई योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वन में आ रही दिक्कतों के समाधान की भी समीक्षा करेगा। इस बोर्ड का प्रशासनिक विभाग अल्पसंख्यक मामलात विभाग होगा।  बोर्ड में 7 गैर सरकारी सदस्य होंगे जिनमे एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष और पांच सदस्य होंगे।  इसके साथ ही अलग अलग विभागों के प्रतिनिधि भी इसमें सदस्य के रूप मे शामिल होंगे।  इस बोर्ड के सचिव की जिम्मेदारी अल्पसंख्यक मामलात विभाग के उप निदेशक स्तर के अधिकारी के पास रहेगी।