जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित हुई बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती के चयनितों की काउंसलिंग पूरी हो गई। जयपुर जिले में 635 चयनितों का काउंसलिंग की गई। इसके बाद 500 चयनित कंप्यूटर अनुदेशकों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए। इनको 4 मई तक कार्यग्रहण करना होगा। शेष 135 कंप्यूटर अनुदेशकों की नियुक्ति रोक ली गई।

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेंद्र शर्मा हंस ने बताया कि जयपुर जिले में 635 चयनितों की काउंसलिंग की गई। इनमें से 584 चयनित उपस्थित हुए और 51 अनुपस्थित रहे। उपस्थित रहने वालों को उनके द्वारा बताया गया स्कूल आवंटित किया गया, जबकि नहीं आने वालों को विभाग ने अपने हिसाब से स्कूल आवंटित कर दिया।

शर्मा ने बताया कि निदेशालय से निर्देश थे कि बाहरी डिग्री वालों की केवल काउंसलिंग की जाएगी। नियुक्ति आदेश उनकी डिग्री की जांच के बाद ही जारी होंगे। डिग्री की जांच निदेशालय स्तर पर की जाएगी। जांच के बाद निदेशालय स्तर से जो आदेश मिलेंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।