चित्तौड़गढ - गोपाल चतुर्वेदी 
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने मंगलवार सुबह भगवान सांवलिया सेठ के दर्शन किए। इसके पश्चात् दुर्ग स्थित कलिका माता के दर्शन कर प्रदेश वासियो के लिए खुशहाली की कामना की ।
उन्होंने इस अवसर पर एक किसान के बेटे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा प्रदेश की कमान देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे साथ ही सभी को साथ लेकर प्रदेश में आने वाले विधानसभा में कमल खिलाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से लगातार की जा रही घोषणाओं पर कहा कि यह थोथी घोषणाए धरातल पर कभी नहीं उतरेगी। पहले की गई घोषणा भी आज तक धरातल पर नहीं उतरी है। उन्होंने राहुल गांधी पर पूछे गए सवाल के बारे में कहा कि राहुल गांधी ने विदेशों में जाकर भारत का सर नीचा किया है। उन्होंने हमेशा भारत की सेना का अपमान किया है और खुद को न्यायालय से ऊपर समझते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ सत्ता को हथियाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रही है। उनसे एक गरीब परिवार से निकला हुआ व्यक्ति को प्रधानमंत्री के पद पर बैठा देखा नहीं जा रहा है। कांग्रेस पार्टी की सोच है कि प्रधानमंत्री के पद  पर सिर्फ उनका अधिकार है कोई और व्यक्ति इस पर काबिज नहीं हो सकता लेकिन अब जनता सब कुछ समझ रही है। जिस तरह से पूरे देश से कांग्रेस पार्टी का सफाया हो रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भी कमल खिलेगा और कांग्रेस का सफाया होगा।
इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने सोमवार रात्रि गोकुल विश्रांति गृह में रात्रि विश्राम किया। सुबह राजभोग आरती से पहले जोशी सांवलियाजी मंदिर पहुंचे। यहां ओसरा पुजारी ने उनका उपरणा ओढ़ाकर, सांवलिया जी का प्रसाद और सांवलिया सेठ की तस्वीर भेंट की। सांवलियाजी के दर्शन के साथ प्रदेशाध्यक्ष का दौरा शुरू हुआ। जिसमें सर्वप्रथम चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर उन्होंने जनसंघ के समय के नेता कैलाश झंवर निवास जाकर कुशल क्षेम पूछी। इसके पश्चात कुछ समाजसेवी संस्थाओं और पार्टी पदाधिकारियों की ओर से आयोजित किए गए स्वागत समारोह में भाग लेने के पश्चात भीलवाड़ा के लिए प्रस्थान कर गए।