जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
पिंकसिटी प्रेस एनक्‍लेव, नायला के 571 आवंटी पत्रकारों के आवंटित हो चुके प्‍लॉट पूर्णत: न्‍यायसंगत हैं और उन्‍हें तुरंत जारी किए जाने चाहिए। वहीं वंचित पत्रकारों के लिए भी नई योजना शीघ्र लाई जानी चाहिए। यहां पिंकसिटी प्रेस क्‍लब में मंगलवार को आयोजित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में नए, पुराने सभी पदाधिकारियों ने एक स्‍वर में 571 आवंटी पत्रकारों के पक्ष में सरकार से मांग की। इस मौके पर सभी ने आवाज उठाई कि नायला योजना के 10 साल से चल रहे गतिरोध को तुरंत दूर कर आवंटियों के साथ सरकार को अब न्‍याय करना ही चाहिए। 
समारोह के बाद आवंटी पत्रकारों की प्रेस क्‍लब सभागार में सभा भी हुई,  जिसमें पिंकसिटी प्रेस एनक्‍लेव, नायला के मौजूदा गतिरोध के संबंध में विस्‍तार से चर्चा हुई। पिछले छह माह से संघर्षरत नायला आवंटियों की सभा में मंगलवार को पहली बार प्रेस क्‍लब अध्‍यक्ष और महासचिव शामिल हुए और उन्‍होंने खुलकर आवंटियों के संघर्ष को आगे बढ़ाने की घोषणा की। चलो नायला संगठन के प्रतिनिधि रूपेश टिंकर एवं अनिल त्रिवेदी ने सभा में बताया कि नायला योजना की प्रक्रिया में किसी भी आवंटी की कोई कमी नहीं है। हाई कोर्ट के निर्णय की आड़ में योजना को रोकना न्‍यायोचित नहीं है। हाई कोर्ट ने 3 जुलाई, 2013 के निर्णय में सभी योग्‍य एवं पात्र आवंटियों को प्‍लॉट के कब्‍जे देने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में खुद सरकार और जेडीए ने कहा है कि राज्‍य सरकार के‍ विभिन्‍न आदेशों की पात्रताओं के अनुसार 571 आवंटियों का चयन किया गया है। योजना में अधिस्‍वीकरण होने की पात्रता शामिल नहीं है। कोर्ट के दूसरे निर्णय में भले ही कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं, लेकिन योजना को लेकर सरकार और जेडीए के सभी तर्क रिकॉर्ड पर लेकर कोर्ट ने भी मान लिए हैं। ऐसे में कोर्ट के निर्णय की आड़ में योग्‍य और पात्र आवंटियों के पट्टे रोकना सरासर अन्‍याय है। सभा में क्‍लब अध्‍यक्ष राधारमण शर्मा और महासचिव रामेन्‍द्र सोलंकी ने कहा कि योजना के 571 आवंटियों  को न्‍याय दिलाने के लिए सभी सीनियरों को साथ लेकर एकजुट संघर्ष किया जाएगा। शीघ्र ही  मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत से मिलकर 571 आवंटियों को पट्टे जारी करने और प्‍लॉट से वंचित अन्‍य पत्रकारों को भी प्‍लॉट देने की मांग की जाएगी। सभा में सभी ने विश्‍वास जताया कि मुख्‍यमंत्री गहलोत हमेशा पत्रकार हित में साथ रहे हैं और इस बार भी पत्रकारों की वाजिब मांगों पर शीघ्र कार्यवाही करेंगे। इससे पहले प्रेस क्‍लब नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व अध्‍यक्ष सत्‍य पारीक, एलएल शर्मा, वीरेन्‍द्र सिंह राठौड़, किशोर शर्मा, मुकेश मीणा व अन्‍य पदाधिकारियों ने एक स्‍वर में सरकार से मांग की कि 571 आवंटी पत्रकारों को तुरंत उनके प्‍लॉट के पट्टे जारी किए जाएं। समारोह में क्‍लब के संस्‍थापक एवं वरिष्‍ठ पत्रकार प्रवीण चंद छाबड़ा तथा गोपाल शर्मा ने पत्रकार हित में हमेशा साथ रहने का भरोसा भी दिलाया।