कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।  

प्रदेश सरकार की ओर से 24 अप्रैल से आयोजित किए जा रहे महंगाई कैंप को ध्यान में रखते हुए कोटा में कांग्रेस नेता भी एक्टिव हो गए हैं। कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में इस कैंप के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी रही और प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव राखी गौतम यात्रा निकाल रही है। शुक्रवार से इस अभियान की शुरूआत की गई। जिसमें राखी गौतम द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ घर - घर जाकर योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

गौतम ने बताया कि राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जनता को सरकार द्वारा 24 अप्रैल से महंगाई राहत कैंप में पंजीकरण करवाना आवश्यक है | गौतम ने कहा कि मेरा यह उद्देश्य है कि कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कोई भी परिवार महंगाई राहत कैंप में जानकारी के अभाव में पंजीकरण करवाने से वंचित नहीं रह जाए। इसके लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में जनचेतना अभियान चलाया जा रहा है। सरकार द्वारा आमजन के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी पम्पलेट के माध्यम से उपलब्ध कराने के साथ- साथ , जन चेतना रथ के माध्यम से भी प्रचार प्रसार किया जा रहा है।

गौतम ने कार्यकर्ताओं से भी आव्हान किया कि हमारा यह लक्ष्य है ,हमारी यह जिम्मेदारी है कि हमारे नजदीक रहने वाला, हमारे क्षेत्र में रहने वाला एक भी परिवार राज्य सरकार द्वारा आगामी समय में हो रहे महंगाई राहत कैंप में रजिस्ट्रेशन कराने के वंचित न रहे। अभियान के तहत शुक्रवार को बालाकुंड इलाके में यात्रा निकाली गई और शाम को विज्ञाननगर इलाके में यात्रा का आयोजन किया गया।