श्रीगंगानगर - राकेश शर्मा
विधायक राजकुमार गौड़ ने रविवार को खालसा नगर पंजाबी सिटी में सुखमणी साहिब पार्क व गुरु गोविंद सिंह पार्क में ओपन एयर जिम का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में गंगानगर विधानसभा क्षेत्र में हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए गौड़ ने उपस्थितजनों से आहवान किया कि विकास कार्यों की गति को अब रुकने नहीं देना है।
ओपन एयर जिम को क्षेत्रवासियों के लिए सेहत का तोहफा बताते हुए गौड़ ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य पर बेहद गंभीरतापूर्वक काम कर रही है। इसी का परिणाम है कि जहां एक ओर गंगानगर में शिक्षा के क्षेत्र में अनेकों कार्य हुए हैं, वहीं स्वास्थ्य के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के बाद नर्सिंग कॉलेज की शुरूआत भी हो गई है। गौड़ ने कहा कि ओपन एयर जिम में विभिन्न संसाधनों की उपलब्धता है, जिसकी सहायता से क्षेत्रवासी अपने आप को तंदुरुस्त रख सकते हैं।
अपने कार्यकाल में हुए विभिन्न निर्माण कार्यो और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए श्री गौड़ ने कहा कि आमजन की ओर से बताई गई समस्याओं का समाधान करवाया जा रहा है। वे लगातार जनता के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जनता की ओर से बताएगी कमियों को लगातार दूर किया जा रहा है, जिसकी बदौलत गंगानगर की अच्छी छवि बनी है। गंगानगर ने पिछले वर्षों में बहुत तरक्की की है, जिसकी वजह से देश-प्रदेश में गंगानगर का नाम है।
उन्होंने कहा कि गंगानगर की जनता को पता है कि कौन काम करने वाला है और कौन नहीं? विधानसभा में बजट का जिक्र करते हुए गौड़ ने कहा कि पहले लोग बजट में गंगानगर का नाम सुनने को तरस जाते थे परंतु अब मुख्यमंत्री हर बार बजट में गंगानगर का नाम लेते हैं। यह आप सब के भरोसे और प्यार की बदौलत ही संभव हो पाया है उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत ने गंगानगर विधानसभा के विकास के लिए करोड़ों रुपए दिए हैं। ओपन एयर जिम का लोकार्पण करने पर विधायक गौड़ का क्षेत्रवासियों की ओर से स्वागत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अवतार सिंह, हरीश चलाना, तजेंद्र सिंह, अंकुश चावला, गजेंद्र शर्मा, भजन सिंह, मोहनलाल छाबड़ा, मदन खुराना, छिंदर पाल मेहता, अमन, गगन बराड़, जसकरण, गौरव सिडाना, हरजिंद्र, जसवंत कुक्कड़, हरदेव चावला, एसपी सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, महिलाएं व बच्चे शामिल हुए।

0 टिप्पणियाँ