जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान की जनता कांग्रेस सरकार के शासन से परेशान हो गई है। प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति चरम पर पहुंच गई है। जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ गया है। यह कहना है बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी का। मंगलवार को जयपुर में मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि सीएम गहलोत फिर से कांग्रेस सरकार बनने का दावा तो कर रहे हैं। लेकिन उन्हें भी हकीकत में पता है कि राजस्थान में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।

क्योंकि उन्होंने अपने शासन में सिर्फ एक वर्ग विशेष के लोगों को उन्नाद करने पर संरक्षण देने का काम किया है। जिसे राजस्थान की जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है। ऐसे में आने वाले चुनाव में वोट की चोट से जनता उन्हें करारा जवाब देगी।

सीपी जोशी ने कहा कि राहुल गांधी कर्नाटक में आरक्षण देने की बात कह रहे है। ज​बकि राजस्थान में सैनी समाज सड़को पर है। प्रदेश के युवा और किसान राहुल गांधी को ढूंढ रहे है। क्योंकि उन्होंने चुनाव से पहले किसानों से कर्ज माफी का वादा किया था। ज​बकि युवाओं को भत्ता देने की बात कही थी। लेकिन राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि कर्ज माफी नहीं होती है। तो मुख्यमंत्री को हटा दूंगा। लेकिन अब खुद मुख्यमंत्री कह रहे है कि तुम कौन होते हो मुझे हटाने वाले।

सीपी जोशी ने कहा कि पाक विस्थापितों को राजस्थान आने पर कांग्रेस की सरकार परेशान कर रही है। उन्हें संरक्षण देने की जगह राजस्थान में उनके घर तोड़ने का काम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कर रहे हैं। क्योंकि बिना उनकी अनुमति के किसी का भी घर जोधपुर में नहीं तोड़ा जा सकता है। इससे पहले भी कांग्रेस के शासन में हुआ है। जिसका भारतीय जनता पार्टी पुरजोर विरोध करती है।