जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

सीएम अशोक गहलोत ने शनिवार को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। सीएम ने कहा कि जो लोग पीड़ितों को गुमराह कर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन को मजबूर करते हैं, उनकी पहचान कर सख्त कार्रवाई करें।

गहलोत ने विभिन्न हालात व घटनाओं में शव लेकर धरने पर बैठने, रास्ता रोकने तथा कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने जैसे मामलों पर चिंता व्यक्त की। कहा- ऐसी परिस्थितियों में कुछ असामाजिक तत्व पीड़ित परिवार को गुमराह करते हैं। पुलिस व प्रशासन के प्रति भड़काने का कार्य करते हैं। इससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था बिगड़ती है। स्थानीय लोग परेशान होते हैं। कई मामलों में सामाजिक दबाव के कारण पीड़ित होस्टाइल हो जाते हैं। अफसर ऐसी परिस्थितियों में वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों को सजा दिलवाएं।

अपराधियों में भय जरूरी, इनाम की राशि बढ़ाएं
गहलोत ने आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। कहा- पुलिस का पूरा ध्यान अपराधी को पकड़कर कड़ी सजा दिलवाने पर हो। अपराधियों में भय पैदा करना जरूरी है। पिछले दिनों पुलिस की ओर से हुई कार्रवाई का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। आपराधिक दर में निरंतर कमी आई है। जुनैद-नासिर के हत्यारों को पकड़ा गया है। कुख्यात अपराधियों पर इनामी राशि बढ़ाएं।