सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।  

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मैं राजेंद्र राठौड़ को बधाई देता हूं कि, उनकी बुढ़ापे में शादी हो गई। उनका 8 महीने के लिए राजनीतिक बुढ़ापा भी सुधर गया। डोटासरा ने आगे कहा कि, राठौड़ नए मुल्ला बने है। कहते है, मैं कार्यकर्ता ही रहूंगा। फिर क्यों नेता प्रतिपक्ष बनते हो।

डोटासरा सीकर में गुरुवार को जिले के प्रतिनिधियों के अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। समारोह सीकर को संभाग और नीमकाथाना को नया जिला बनाने के बाद अभिभाषक संघ ने आयोजित किया था। इस मौके पर सीकर विधायक राजेंद्र पारीक, फतेहपुर विधायक हाकम अली, नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।

अब सीकर की नगर परिषद को मिलेगा नगर निगम का दर्जा
समारोह में बोलते हुए डोटासरा ने सरकार के किए काम का बखान किया। वहीं भाजपा पर भी जमकर प्रहार किया। डोटासरा ने कहा कि सीकर प्रोग्रेसिव जिला है। अब संभाग बनने के बाद यहां 400 से ज्यादा नए अधिकारी नियुक्त होंगे। इसके अलावा आईजी और सभी विभागों के बड़े अधिकारी यहां पर बैठेंगे। डोटासरा ने कहा कि अब सीकर की नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा मिलेगा। यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि 15 अगस्त से पहले जिले और संभाग अपने स्वरूप में आ जाए। जल्द ही सीकर में शिलान्यास समारोह मुख्यमंत्री से करवाएंगे और सीकर के स्टेडियम में लाखों लोग मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे।

पायलट मामले को टाल गए डोटासरा
इस मौके पर सचिन पायलट के मुद्दे पर सवाल पूछा गया। जिस पर उन्होंने कहा कि सीएम ने इस पर प्रेस कांफ्रेंस कर दी। मुझे कुछ नहीं कहना। जो कुछ बाकी रह गया है, वह भी पूरा हो जाएगा क्योंकि जनता ने कांग्रेस को दोबारा लाने का मन बना लिया है। राठौड़ जैसे नेता हल्के स्तर की टिप्पणी करते हैं वह भी जातिगत दुर्भावनाओं के साथ में। इसे जनता देख रही है।

डोटासरा बोले, राजेंद्र राठौड़ नए-नए मुल्ला बने
डोटासरा ने राजेंद्र राठौड़ के नेता प्रतिपक्ष बनने की बात पर कहा कि कहा कि राजेंद्र राठौड़ नए-नए मुल्ला बने हैं। राजेंद्र राठौड़ ने दो दिन पहले एक सभा में भाषण भी दिया कि मेरा भी सीएम बनने का नंबर आ सकता है। ध्यान रखो चूरू वालों। डोटासरा ने कहा कि भाजपा में अर्जुन मेघवाल, वसुंधरा राजे सतीश पूनिया, राजेंद्र राठौड़, ओम माथुर जैसे 12 नेता मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं।

भाजपा में होड़ कौन नंबर वन कहलाए
राजेंद्र राठौड़ की ओर से डोटासरा पर लगाए जाने वाले आरोपों पर तंज कसते हुए डोटासरा ने कहा कि सबसे पहले तो मैं राजेंद्र राठौड़ को बधाई देना चाहता हूं कि बुढ़ापे में उनकी शादी हो गई। वरना वह कुंवारे मर जाते। यह शेखावाटी के लिए अच्छा नहीं होता। राठौड़ को जिताने में जनता कोई कमी नहीं छोड़ रही थी। इसके बाद भी पार्टी ने उन्हें विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष का पद पकड़ा रखा था। ऐसे में 6 से 8 महीने के लिए उन्हें नेता प्रतिपक्ष बनाना अच्छी बात है। अब उन्हें इसकी अच्छी भूमिका निभानी चाहिए। हम देख रहे हैं कि जब से राजेंद्र राठौड़ नेता प्रतिपक्ष बने हैं और उनका नया प्रदेश अध्यक्ष बना है, उनमें आपस में होड़ हो रही है कि कौन नंबर वन कहलाए।

भाजपा की ओछी राजनीति
डोटासरा ने कहा कि प्रदेश को राजेंद्र राठौड़ और भारतीय जनता पार्टी ओछी राजनीति कर रही है। सरकार और नेताओं की छवि खराब करने के लिए कभी पेपर लीक का मुद्दा, कभी दूसरे भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाते हैं। डोटासरा ने कहा कि पूरे देश में हिंदुस्तान एक ऐसा राज्य है जिसमें सरकार ने एक कार्यकाल में सवा तीन लाख नौकरियां दी हैं।

बीजेपी का ड्रामा जनता देख रही
डोटासरा ने कहा कि बीजेपी वाले पुलिस और प्रशासन को टेलीफोन करके कहते हैं कि हम आज घेराव करेंगे, हम आज विरोध-प्रदर्शन करेंगे। आप 5-10 मिनट हमारे ऊपर पानी की बौछार कर देना जिससे हमारी इज्जत बढ़ जाए। बीजेपी यह जो ड्रामा कर रही है। ये ड्रामा पूरी जनता देख रही है, जिनमें किसी भी तरह का आक्रोश नहीं है।

देश में राजस्थान बनेगा मॉडल स्टेट
जनता कांग्रेस सरकार की योजनाओं से खुश है। आज देश भर के मुख्यमंत्री और ब्यूरोक्रेट्स राजस्थान के अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं कि सरकार ने ओपीएस और मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना कैसे लागू की। कैसे इतने जिले बना दिए और बिजली फ्री कर दी। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान पूरे देश में मॉडल स्टेट बनने जा रहा है। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री मिशन 2030 लेकर चल रहे हैं। जिसका मतलब है कि 2030 तक हम प्रदेश के सभी लोग और जनप्रतिनिधि मिलकर राजस्थान में नंबर वन होंगे जो हर सेक्टर में आगे होगा।

सीएम ने 19 नए जिले बनाएं, ये कोई नहीं कर पाएगा
नए जिलों के निर्माण की बात पर पीसीसी चीफ ने कहा कि मुख्यमंत्री रामलुभाया कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर निर्णय करेंगे। जब राजस्थान बना तो केवल 22 जिले थे। अकेले इस कार्यकाल में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 19 नए जिलों की घोषणा कर दी। ये अब तक न कोई कर पाया और नहीं कर पाएगा। अब आने वाले समय में जनता वापस आशीर्वाद देकर कांग्रेस सरकार बनाएगी।

केवल राजस्थान में राइट टू हेल्थ कानून लागू हुआ
डोटासरा ने कहा कि देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में राजस्थान ही एक ऐसा स्टेट है जहां राइट टू हेल्थ कानून लागू किया गया हो। इसकी चर्चा विश्व के विकसित देशों में भी हो रही है। सरकार अब राहत कैंप चालू कर रही है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा। इसके अलावा सरकार ने महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूल,फ्री बिजली सहित तमाम ऐसी कई घोषणाएं की हैं जो जनता के लिए काफी लाभदायक हैं।

बचकानी बातें करते राठौड़
पांच साल में एक विधानसभा क्षेत्र में जितना काम हुआ है, उतना राजेंद्र राठौड़ सात बार चुनाव जीतकर भी नहीं कर पाए। राठौड़ जब चिकित्सा मंत्री थे। तब सीकर का मेडिकल कॉलेज भी चुराकर ले गए। इसको राजेंद्र पारीक, सीएम अशोक गहलोत लेकर आए। उनका राजनीतिक बुढ़ापा 8 महीने के लिए सुधर गया। उन्हें ऐसी बचकानी बातें नहीं करनी चाहिए।

सरकार ने 90 प्रतिशत वादों को पूरा किया
डोटासरा ने कहा कि संविदाकर्मियों की सारी समस्याओं को सरकार ने सुलझा दिया है। अब जब हमारा जन घोषणा-पत्र दोबारा आएगा तो वह इतना शानदार होगा कि सबसे ज्यादा फोकस बेरोजगारों को नौकरी देने,महंगाई को कम करने के लिए होगा। सरकार पिछले घोषणा पत्र की 90% वादे पूरे कर चुकी है। ऐसे में अब जनता भी विश्वास करेगी। सीकर की अब एक मांग सबसे बड़ी रह गई है कि सीकर की सभी 8 विधानसभा में पानी आसानी से मिले।