जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

सहारा क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी की धाेखाधड़ी में राजस्थान में हुए निवेश का आंकड़ा सामने आया है। अकेले जयपुर व जोधपुर जोन के 7.50 लाख निवेशकों ने कुल 15.83 अरब का निवेश किया था, जिसमें से 4.88 लाख निवेशकों के 5.09 अरब रुपए अटके हुए हैं। यह रकम सहारा ने नहीं लाैटाई।

एटीएस के एक एएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद एसओजी ने सहारा के 33 संचालक मंडल सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। खास बात है कि एफआईआर में सहारा के चेयरमैन सुब्रत रॉय व उनकी पत्नी का नाम नहीं है। यही नहीं, संचालक मंडल के जिन सदस्यों के नाम दर्ज हैं, उनके निवास स्थान की जानकारी एसओजी को नहीं है। एसओजी इसकी जानकारी जुटा रही है। बता दें कि राजस्थान सहित देशभर में रॉय दंपती सहित संचालक मंडल सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज हुए थे। सुब्रत रॉय गिरफ्तार अभी जेल में हैं। जबकि पीड़ित अपनी राशि का इंतजा कर रहे हैं।

प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है : एसओजी
सहारा मामले में हमने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक आधार पर 33 जनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ है, इनके निवास की स्थिति जानने के लिए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर को लिखा है। - विकास सांगवान, पुलिस अधीक्षक द्वितीय, एसओजी जयपुर

फर्जी तरीके से बांटे लोन
जिस जांच रिपोर्ट के आधार पर एसओजी ने प्रकरण दर्ज किया, उसमें सामने आया है कि सहारा ने निवेशकों के परिपक्व हो चुके निवेश का भुगतान नहीं किया। इनकी ऋण प्रक्रिया में अनियमितताएं और फर्जी तरीके से खाता धारकों को ऋण दिया। सूत्रों के अनुसार, आतंकवाद निरोधक दस्ता जयपुर के एएसपी हरिप्रसाद ने जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी।

सहारा धोखाधड़ी : राजस्थान में ‌~5.09 अरब का गबन...
इसमें सहारा की विभिन्न सोसायटी व कंपनियों में निवेशकों से प्राप्त धनराशि की धोखाधड़ी सामने आई है।

एफआईआर में संचालक मंडल के इन 33 सदस्यों के नाम
वर्ष 2011-12 से 2020-21 तक के संचालक मंडल के सदस्य व पदाधिकारी देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, समरथ निओगी, करुणेश अवस्थी, नीरज कुमार पाल, प्रशांत कुमार वर्मा, अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रलय कुमार पलीत, आरएल पटेल, गोविंद तिवाड़ी, लक्ष्मीकांत बनसी, पुष्कर वर्मा, शांतनु मुखर्जी, अरूप कुमार भट्टाचार्य, अनिल वर्मा, विनोद भगत, शरत कृष्ण चवन, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, लालजी वर्मा, अवधेश कुमार श्रीवास्तव, बच्चा झा, बीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, गजेंद्र नाथ शर्मा, हफीज उल्ला, मीनाक्षी महेंद्र, सुनील चंद्र श्रीवास्तव, संजय अरोड़ा, हफीजुल्लाह हुकुम दार शेख, अंजु लता, पूजा शर्मा, आर रमा कोटेश्वर राव, संजय कुमार रजक, विजय कुमार वर्मा, हरीश चन्द्र यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।