पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव के तीसरे दिन आज 52 घाटों पर लगभग 1.25 लाख दीपों से भव्य दीपदान होगा। इससे पहले ब्रह्म चौक, होली का चौक और ब्रह्म वाटिका पर चंग, डफ, कच्छी घोड़ी और गैर नृत्य किया गया। प्रसिद्ध नाथूलाल सोलंकी सरोवर के जयपुर घाट पर शाम को नगाड़ा वादन किया। वहीं होली फेस्टिवल के दौरान हेलीकॉप्टर जॉय की शुरूआत कर दी गई है। शाम 6:30 बजे भव्य दीपदान का आयोजन होगा। ब्रह्म घाट पर महाआरती होगी। साथ ही आतिशबाजी भी होगी। होलिका दहन और फूलों की होली ब्रह्म वाटिका एम्फी थियेटर में देर शाम 7 बजे होगी। प्रसिद्ध गायक पदमश्री हरिहरन का म्यूजिक कॉन्सर्ट मेला मैदान में देर शाम 7:30 बजे होगा।
पर्यटक हेलीकॉप्टर से देख सकेंगे पुष्कर का नजारा
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर होली महोत्सव को नए आयाम देने के उद्देश्य से आगामी 2 दिनों तक हेलीकॉप्टर जॉय राइड प्रारंभ की गई है। 5 मिनट की राइड के दौरान पुष्कर होली महोत्सव और कस्बे के विभिन्न इलाकों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से दिखाया जाएगा। जिसके लिए प्रति व्यक्ति यात्री के लिए 6 हजार रुपए का शुल्क रखा गया है। कंपनी के जनरल मैनेजर अंकित जांगिड़ ने बताया कि इस जॉय राइड का शुभारंभ आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ और जिला कलेक्टर अंशदीप सहित प्रशासन द्वारा किया गया है। उनके द्वारा पहली राइड ली गई है।
आरटीडीसी चेयरमैन, कलेक्टर, एसपी ने बजाया ढोल
जयपुर घाट पर नगाड़ा वादन का आयोजन किया गया। मशहूर कलाकार नाथू लाल सोलंकी के टीम के द्वारा शंख बजाकर इसकी शुरुआत की गई। इसे देखते हुए घाट पर बड़ी संख्या में देशी-विदेशी टूरिस्ट की भीड़ जमा हो गई। माहौल बनता देख आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़, जिला कलेक्टर अंशदीप, एसपी चुनाराम जाट, पुष्कर एसडीएम द्वारा भी टीम में शामिल होकर ढोल बजाया गया।
डीजे पार्टी का विवाद सुलझा, होली खेली जाएगी
पुष्कर में परंपरागत होली मंगलवार को मेला स्टेडियम से सटे रेतीले धोरों में होगी। इसमें डीजे डांस पार्टी भी शामिल होगी। डीजे की धुन पर देशी-विदेशी पर्यटक झूमेंगे। पहले यह कार्यक्रम वराह घाट व ब्रह्म चौक में होता था। पुलिस व प्रशासन की ओर से वराह घाट चौक व ब्रह्म चौक में डीजे पार्टी की अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद पालिकाध्यक्ष कमल पाठक की पहल पर मेला ग्राउंड में पार्टी के आयोजन की अनुमति दी है।
कल आतिशबाजी और बॉलीवुड स्टार देंगे प्रस्तुति
धुलंडी के दिन 7 मार्च को शाम 6:30 बजे गऊ घाट पर महा आरती होगी। मेला मैदान में शाम 7 बजे आतिशबाजी होगी। बॉलीवुड गायक अमित त्रिवेदी इस दिन अपनी प्रस्तुति मेला मैदान में देंगे।


0 टिप्पणियाँ