जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान पुलिस अकादमी में बुधवार को आरपीएस प्रोबेशन बैच का 53वां दीक्षांत समारोह सीएम अशोक गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान सीएम ने पुलिस डिपार्टमेंट से संबंधित दो बड़ी घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश के पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिलेगा। साथ ही राजस्थान पुलिस बैंड की तर्ज पर सेंट्रलाइज्ड महिला पुलिस बैंड बनाने और पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में उत्कृष्ट प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों को सम्मानित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया।

आरपीएस को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री गहलोत ने परेड का निरीक्षण किया इसके बाद आरपीएस कृष्णराज के नेतृत्व में परेड द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया गया। सीएम ने ट्रेनिंग के दौरान बेहतरीन परफॉर्मेंस देने वाले आरपीएस को पुरस्कृत किया। ओवर ऑल बेस्ट में कृष्ण राज, बेस्ट इन आउट डोर कृष्ण राज जांगिड़, बेस्ट इन फोरेंसिक इन्वेस्टिगेशन में मेघा गोयल, बेस्ट इन इंडोर मीनाक्षी को पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति पुलिस पदक भी दिए। एएसपी माधो सिंह सोढा व हेड कॉन्स्टेबल भूरीलाल, एएसपी राजेन्द्र नैन, पुलिस निरीक्षक अमीन हसन,संत लाल मीणा व ओम प्रकाश वर्मा को दिए। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान पुलिस की तरफ से किए जा रहे बेहतरीन काम को गिनाते हुए कहा कि दूसरे राज्यों की तुलना में राजस्थान पुलिस बेहतरीन काम कर रही है। जिसका परिणाम हैं कि यहां पर अपराध कम हो रहे हैं। डीजीपी उमेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए राजस्थान पुलिस के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए प्रशिक्षणार्थियों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी व सेवा की भावना से कार्य कर इसे निरन्तर आगे बढ़ाने का आव्हान किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव उषा शर्मा, प्रमुख शासन सचिव गृह आनन्द कुमार,डीजी साइबर क्राइम डॉक्टर रवि मेहरड़ा, एडीजी क्राइम दिनेश एनएम सहित पुलिस के आला अधिकारी और प्रशिक्षणार्थियों के परिजन भी उपस्थित रहे।