पुलिस कमिश्नरेट की कुड़ी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने बिजनेसमैन को किडनैप कर 20 लाख की फिरौती मांगने की वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला और उसके साथी युवक को गिरफतार किया है। दोनों ने बिजनेसमैन को नशीला पदार्थ पिलाकर किडनैप किया। अब पुलिस इनसे वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया 11 मार्च को सुरता देवी पत्नी ज्वाला राम विश्नोई निवासी गुड़ा विश्नोईयां ने रिपोर्ट दी। बताया वो गंगा विहार क्षेत्र में रहती है। उनका पति आरसीसी का काम करता है। इसके चलते सेक्टर 8 में गोदाम लिया हुआ है। घटना से एक दिन पहले रात दस बजे उनका फोन बंद हो गया। गाड़ी लावारिस हालात में सूरसागर मिली।
इसके बाद आरोपियों ने परिचित को फोन कर 20 लाख की फिरौती मांगी। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद फोन बंद कर दिया। 11 मार्च की सुबह 8 बजे भी भगवान राम गोदारा को फोन कर 20 लाख की फिरौती मांगी। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद पुलिस ने आसूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर पोपावास गांव के पास सूनसान जंगली क्षेत्र में पेड़ के नीचे बंधक बनाकर रखे गए ज्वालाराम को छुड़ाया। इसके बाद किडनैप करने वाले एक महिला और युवक को गिरफतार किया गया। महिला की पहचान निरमा पत्नी लाडूराम विश्नोई निवासी बालाजी नगर खोतों की ढाणी और युवक की पहचान दिलीप खोत पुत्र भानाराम खोत निवासी बालाजी नगर गोदारों की ढाणियां गुड़ा विश्नोइयां के तोर पर हुई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके अन्य साथियों ने बिजनेसमैन ज्वालाराम को महिला मित्र से फोन करवाकर झांसे में लिया। इसके बाद कुड़ी भगतासनी में नशीला पदार्थ पिलाकर उसे किडनैप कर लिया। इसके बाद घरवालों से 20 लाख की फिरौती मांगी गई। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
कार्रवाई में एसआई चनणाराम, एसआई धन्नाराम, हैड कांस्टेबल मनफूलराम विश्नोई, साईबर सेल प्रभारी प्रेम चौधरी, कांस्टेबल रामनिवास, धीरज मीणा, लोकेश मीणा, शैतानराम और महिला कांस्टेबल ममता कंवर शामिल रही।


0 टिप्पणियाँ