चित्तौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी
उदयपुर संभाग रेंज आईजी अजय पाल लांबा ने कहा कि पूरे संभाग के साथ जिले में संगठित अपराधों पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त कार्यवाही की जाएगी। आने वाले समय में त्योहारों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण और शांति बनाए रखने के लिए पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा।
उदयपुर रेंज आईजी अजय पाल लांबा आज चित्तौड़गढ़ पहुंचे जहां पर उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन में अनवेषण भवन जिले के समस्त अधिकारियों और थाना अधिकारियों की क्राइम संबंधी बैठक ली जिसमें सभी अधिकारियों को क्राइम मुक्त जिला बनाने के लिए निर्देशित किया गया है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उदयपुर रेंज आईजी अजय पाल लांबा ने कहा कि पूरे संभाग के साथ चित्तौड़गढ़ जिले में भी संगठित अपराधों को करने वाले अपराधियों पर संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में उदयपुर में इस तरह की कार्रवाई में 166 अपराधी पकड़े गए हैं और इस तरह की कार्रवाई पूरे संभाग में आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिला एनडीपीएस से संबंधित तस्करी जिसमें डोडा चुरा और अफीम के लिए प्रसिद्ध है इस पर लगाम लगाने के लिए एक कार्य योजना बनाई गई है। जिसके अंतर्गत इस तरह के अपराध करने वालों पर ठोस कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधीक्षक के साथ अधिकारियों और सभी थाना अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मनाए जाने वाले त्योहारों को लेकर जिले में सांप्रदायिक माहौल माकूल बनाए रखने के लिए भी थाना अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान कई थाना अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया गया है जिनका समाधान शीघ्र ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और थाना अधिकारियों को पुलिससिंग और बेहतर करने के लिए भी निर्देशित किया गया है जिससे कि जिले को अपराध मुक्त बनाने में सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्जुन सिंह शेखावत, शाहना खनम, गीता चौधरी के साथ सभी पुलिस उप अधीक्षक और थाना अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ