सवाई माधोपुर - हेमेंद्र शर्मा
सवाई माधोपुर जिले की गंगापुरसिटी की उदई मोड़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से चोरी की चार बाइक सहित बाइक के अन्य पार्ट्स भी बरामद किए हैं ।एसआई सुरेश चंद्र ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गंगापुरसिटी क्षेत्र में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ रही थी । जिसके मद्देनजर पुलिस को वाहन चोरों की तलाश थी । वाहन चोरों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीमें भी गठित की गई थी जो लगातार वाहन चोरो की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर उदई मोड़ थाना पुलिस ने चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की चार बाइक व बाइकों के पार्ट्स बरामद किए हैं । पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपी कटकड़ निवासी धर्मी और धर्मेंद्र मीणा गोठड़ा निवासी बलबीर बैरवा , बड़ी उदेई निवासी सोनू उर्फ सुनील बैरवा तथा जीत का पूरा निवासी जसवंत प्रजापत है । एसआई सुरेश चंद्र का कहना है कि चारों आरोपियों द्वारा लगातार क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा था । पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा क्षेत्र से दर्जनों बाइक चोरी करने की घटना करना कबूल किया है ।पुलिस द्वारा सभी चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायालय से पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। इसके बाद सभी आरोपियों से और भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ करने के बाद और भी बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है ।

0 टिप्पणियाँ